रोहतक में लाढ़ोत रोड स्थित ईंट-भट्ठे पर पैसे देने जा रहे युवक से कार सवार युवकों ने पिस्तौल दिखाकर 20 हजार रुपये लूट लिए। इस संबंध में सदर थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक नेहरू कालोनी निवासी मिथुन ने अपनी शिकायत में बताया कि वह घनीपुरा निवासी महेंद्र के ट्रक पर ड्राइवर की नौकरी करता है। एक फरवरी को महेंद्र ने उसे 20 हजार रुपये लाढ़ोत रोड स्थित ईंट-भट्ठे पर देने के लिए भेजा। जब वह स्कूटी पर जा रहा था तो रास्ते में एक कार ने पीछा करके उसे रुकवा लिया। कार से उतरे एक युवक ने उस पर पिस्तौल तान दी और जेब से 20 हजार रुपये निकाल लिए। साथ की एक्टिवा की चॉबी ले ली। इसके बाद पिस्तौल दिखाकर गूगल पे के माध्यम से बैंक अकाउंट का बैलेंस बताने को बोला। थोड़ी देर बाद चारों युवकों ने उसे स्कूटी की चॉबी दे दी। कहा-पीछे मुड़कर मत देखना। अंधेरा होने के कारण वह गाड़ी के आगे की नंबर प्लेट देख नहीं सका, जबकि पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी।