यूं तो उपद्रवियों का तांडव बयां करने के लिए शहर के मौजूदा हालात ही काफी हैं, लेकिन सीसीटीवी कैमरे में कैद उपद्रवियों की करतूत देखकर हर कोई हैरान है। युवाओं के साथ-साथ बूढ़े भी लूटपाट में पीछे नहीं रहे। उपद्रव के दौरान कोई जूते उठाकर तो कोई कंधे पर सामान का बोरा लादकर ले जाता दिखाई दे रहा है।
शहर में किस कदर तांडव मचा यह बताने के लिए सीसीटीवी फुटेज ही काफी है। अमर उजाला ने बृहस्पतिवार को शहर में कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। छोटूराम चौक के पास एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में 20 फरवरी शाम 3:50 बजे की फुटेज देखी गई।
इसमें काफी संख्या में युवा हाथों में डंडे लेकर बाजार की तरफ बढ़ रहे हैं। इसके बाद कोई जूते लेकर तो कोई सामान से भरी पेटी उठाकर भागता नजर आ रहा है। यहां तक कि सामान उठाकर ले जाने वालों में बुजुर्ग भी दिखाई दे रहे हैं। दो युवक हाथों में इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान लेकर जाते दिख रहे हैं। अशोका चौक के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी उपद्रवियों की करतूत कैद हो गई है। फुटेज को देखकर साफ पता चला है कि युवाओं के साथ-साथ इस तांडव में बुजुर्ग भी शामिल रहे। अब देखना यह है कि इन फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करती है या फिर हाथ पर हाथ रखकर बैठी रहेगी।
खाली दुकान में मिला लूटा गया सामानउपद्रव के दौरान लूटे गए सामान की तलाश में पुलिस जुट गई है। शुक्रवार दोपहर पीजीआई थाना पुलिस और गुप्तचर विभाग की टीम ने मिलकर मेडिकल मोड़ के पास खाली पड़ी एक दुकान में छापामारी की। यहां एक तख्त पड़ा मिला, जिसके नीचे शराब की कुछ पेटी, कपड़े, बैग और अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस ने आसपास के लोगों से इस बारे में जानकारी ली, लेकिन कोई भी स्पष्ट नहीं बता सका। पुलिस ने सामान को कब्जे लेकर जांच शुरू कर दी है।
पीजी और हॉस्टल पुलिस के निशाने परसूत्रों की मानें तो उपद्रव के समय लूटा गया अधिकतर सामान शहर के अंदर ही है। ऐसे में पुलिस अपनी रणनीति बनाने में लगी है। माना जा रहा है कि पुलिस का अगला निशाना पीजी और हॉस्टल हो सकते हैं। इसीलिए अब ऐसे स्थानों पर जाकर तलाशी ली जाएगी।
मनोरंजन के साधन भी हुए खत्म, बचे दो सिनेमा हालशहर में मनोरंजन के नाम पर चार सिनेमाघर हैं, जिसमें दो सिनेमाघर को उपद्रवियों ने जला दिया है। पावर हाउस चौक के पास स्थित आरएन सिनेमा हाल और सत्यम सिनेमा हाल में सब कुछ खत्म कर दिया गया।
आरएन सिनेमा हाल के मालिक योगेश शर्मा का कहना है कि अब सिनेमा हाल को दोबारा से तैयार करना कठिन होगा। सत्यम सिनेमा हाल का भी हाल कुछ ऐसा ही है। सिनेमा हाल के अंदर स्क्रीन से लेकर कुर्सी तक कुछ भी नहीं बचा। अब ऐसे में लोगों के लिए मनोरंजन के साधन भी कुछ खास नहीं रहे।