रोहतक में गुरुग्राम के स्क्रैप व्यापारी सचिन मुंजाल की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान बहादुरगढ़ निवासी साहिल व नितिन और झज्जर निवासी जयपाल के रूप में हुई। मंगलवार को पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
सीआईए प्रथम निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि गुरुग्राम की न्यू कॉलोनी निवासी दर्शना देवी ने एक मार्च को शिकायत दी थी कि वह अपने बेटे सचिन, पुत्रवधू मोनिका व दो पौत्र के साथ पंजाब के संगरूर स्थित शादी समारोह में भाग लेने जा रही थी। जाते समय लाखनमाजरा के पास खाना खाने के लिए के रुक गए।
खाना खाकर जब सचिन गाड़ी में बैठने लगा तो कार में सवार होकर तीन युवक आए और सचिन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। 25 राउंड से ज्यादा गोलियां चलाई गईं, जिसमें 15 से ज्यादा गोली सचिन को लगी जबकि एक गोली दर्शना के पैर में लगी।
इस संबंध में लाखनमाजरा थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिहार के नेपाल बार्डर से दो युवकों को काबू किया था, जो छह दिन के रिमांड पर है। पुलिस आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लेकर उनकी भूमिका के बारे में पूछताछ कर रही है।