बस स्टैंड पर हादसा, फार्म भरने के लिए शहर आया था इंद्रगढ़ का युवक
- फोटो : amar ujala
न्यू बस स्टैंड पर बृहस्पतिवार को एक रोडवेज बस ने युवक को कुचल दिया। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस संबंध में बस स्टैंड चौकी पुलिस ने रोडवेज चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। एक दिन पहले भी बस स्टैंड के अंदर एक बस की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई थी।
चौकी इंचार्ज जय भगवान ने बताया कि गांव इंद्रगढ़ निवासी 18 वर्षीय मनजीत सुबह करीब 11 बजे प्रतियोगी फार्म भरने के लिए रोहतक आया था। वह बस स्टैंड के अंदर बस से उतरकर बाहर की तरफ जा रहा था। वह गेट नंबर एक से सड़क पार करके दूसरी तरफ जा रहा था। इसी बीच पीछे से आ रही बस ने उसे कुचल दिया। बस का टायर मनजीत के ऊपर से निकलने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने चालक को पकड़ने का भी कोशिश की मगर वह हाथ नहीं लगा। हादसे के बाद पुलिस ने मृतक के मोबाइल से सिम निकालकर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया। चौकी इंचार्ज का कहना है कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।