रोहतक में कलानौर के आरओ कारोबारी का निजी बैंक में खाता खुलवाकर दो लाख की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। असली खाता मालिक को लेनदेन का पता न लगे, इसके लिए आरोपी युवक ने खाते के साथ जोड़ा गया मोबाइल नंबर तक बदलवा दिया। पीड़ित ने कलानौर थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
पुलिस रिकार्ड के मुताबिक कलानौर के मेन बाजार निवासी सुनील ने दी शिकायत में बताया कि वह कस्बे के युवक जितेंद्र को जानता है जो शिक्षक लगा हुआ है। अक्तूबर 2020 में आरोपी उसके पास आया और निजी बैंक में खाता खुलवाने की कहने लगा। उसने मना कर दिया, कहा कि एसबीआई में पहले से खाता खुला है, लेकिन आरोपी दो-तीन उसके पास चक्कर काटता रहा। दो नवंबर 2020 को आखिरकार खाता खुलवाने के लिए उसके हस्ताक्षर करवा लिए। उसे बैंक किट लाकर दी, वह खुली हुई थी।
दिसंबर 2021 में उसकी शादी थी। उसने अपने दोस्त प्रिंस से दो लाख रुपये उधार लिए थे। प्रिंस ने यह राशि उसके निजी बैंक के अकाउंट में डाल दी। जब वह पैसे निकालने के लिए एटीएम बूथ पर गया तो राशि नहीं निकली। शादी में व्यस्त होने के कारण उस समय बैंक नहीं जा सका। बाद में किसी तरह पता किया तो खुलासा हुआ कि खाते में जो मोबाइल नंबर दिया हुआ है, वह किसी अन्य का है। उसने आरोपी जितेंद्र से बात की तो उसने कहा कि दो लाख का विवाद हल करवा दूंगा। ब्याज सहित राशि मिल जाएगी। ऐसा नहीं हुआ, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।