फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोहतक: मदीना से लापता छात्र का पेड़ से लटका मिला शव, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप, तीन पर केस दर्ज

Sun, 01 May 2022 10:57 PM IST
भूपेंद्र सिंह अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)

सार

महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। परिजन थाने के बाहर तीन घंटे तक शव लेकर डटे रहे। परिजनों की पोस्टमार्टम से पहले हत्या का केस दर्ज करने की मांग थी। 20 वर्षीय रिंकू शनिवार रात नौ बजे लापता हुआ था।
विज्ञापन
मृतक रिंकू का फाइल फोटो, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के रोहतक में महम चौबीसी के गांव मदीना से एक दिन पहले लापता हुए गौड़ कॉलेज  के छात्र 20 वर्षीय रिंकू का शव रविवार को खेतों में पेड़ से लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि उसके बेटे की हत्या कर शव पेड़ से लटकाया गया है। पुलिस ने एक महिला सहित तीन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।   

विज्ञापन


मदीना गांव निवासी सुखबीर ने पुलिस को बताया कि उसके दो बेटे व एक बेटी है। बड़ा बेटा साहिल शादीशुदा है, जबकि छोटा बेटा रिंकू रोहतक स्थित गौड़ ब्राह्मण डिग्री कॉलेज में दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। शनिवार रात करीब नौ बजे वह घर से लापता हो गया था। पूरी रात वे उसे ढूंढते रहे, लेकिन कहीं सुराग नहीं लगा। रविवार दोपहर पता चला कि रिंकू का शव गांव के खेत में शीशम के पेड़ से लटका हुआ है। वे मौके पर पहुंचे तो भीड़ जमा थी। साथ ही पुलिस भी आई हुई थी। 

एक माह पहले मिली थी धमकी, 10 लाख फूंक देंगे, लाश का पता भी नहीं लगेगा
मृतक के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि गांव के एक युवक ने एक माह पहले हत्या की धमकी दी थी । उसने कहा था कि  10 लाख रुपये फूंक देंगे और लाश का पता भी नहीं लगने देंगे। वह रिंकू को एक शादी में शामिल होने से रोक रहा था । इसके बावजूद रिंकू को शादी में बुलाया गया।  सुबह एक महिला घर आई और बोली कि रिंकू को फांसी पर लटका दिया है, ढूंढ सको तो ढूंढ लो। 
विज्ञापन

 

आरोप- पुलिस ने सुबूतों से की छेड़छाड़, एफएसएल के आने से पहले निकाला मोबाइल और चाबी
मृतक के पिता का आरोप है कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां पता चला कि एफएसएल एक्सपर्ट के आने से पहले ही उनके बेटे की जेब से मोबाइल फोन व बाइक की चाबी निकाली जा चुकी थी। डायल नंबर 112 व बहुअकबरपुर थाना पुलिस ने सुबूतों के साथ छेड़छाड़ की है। इसकी भी जांच की जाए। मृतक के पिता का कहना है कि उसका  पूरे परिवार का लेनदेन  संभालता था। 


थाने के बाहर तीन घंटे शव लेकर डटे रहे परिजन
शव को फंदे से उतारकर परिजन बहुअकबरपुर थाने में लेकर पहुंचे, जबकि पुलिस शव को पीजीआई के डेड हाउस में ले जाकर पोस्टमार्टम करवाना चाहती थी। तर्क था कि पोस्टमार्टम से पता लग जाएगा कि युवक की हत्या हुई है या उसने आत्महत्या की है। जबकि परिजनों की मांग थी कि पहले हत्या का केस दर्ज किया जाए, इसके बाद पोस्टमार्टम होना चाहिए। तीन घंटे तक इसी विवाद में पुलिस व परिजन उलझे रहे। आखिर में पुलिस ने महिला सहित तीन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। 
 

एफएसएल एक्सपर्ट से मौके की जांच करवाई गई।सोमवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। हत्या है या आत्महत्या, इसकी जांच पड़ताल कर रहे हैं।  -इंस्पेक्टर शमशेर सिंह, थाना प्रभारी बहुअकबरपुर 


भाई का दाव, पैरों से निकल रहा खून 
लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के युवा अध्यक्ष सुरेंद्र पांचाल ने बताया कि रिंकू उसकी बुआ के लड़के का बेटा था।   उनका दावा है कि रिंकू के पैरों में जख्म थे। साथ ही उसके पैरों पर गेहूं के फांसों की जली राख भी लगी थी, जबकि नजदीक चप्पल थी।  सवाल उठता है कि अगर वह चप्पल पहनकर पेड़ तक पहुंचा तो पैरों पर राख कैसे लगी। जख्म कैसे हुए। मामला की गहराई से जांच करवाई जाए।

हर दृष्टिकोण से की जाए केस की जांच : सरपंच प्रतिनिधि 

मदीना गांव के युवक रिंकू की मौत के मामले की जांच हर दृष्टिकोण से की जाए। चाहे पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। मामला बेहद संवेदनशील है। गांव को पुलिस की जांच पर भरोसा है। -राजा शर्मा, निवर्तमान सरपंच प्रतिनिधि, गांव मदीना गिंदरान

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें