रेवाड़ी में भाजपा नेता से 30 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। डिलीवरी ब्वॉय को पकड़कर पुलिस को सौंपा गया है। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा के रेवाड़ी शहर में भाजपा नेता सुनील मूसेपुर के साथ 30 हजार रुपये की ठगी हुई है। सुनील ने ऑनलाइन साइट के माध्यम से साउंड सिस्टम का ऑर्डर दिया था। डिलीवरी ब्वॉय घर पर ऑर्डर देने पहुंचा तो डिब्बा खोलने पर उसमें से कबाड़ निकला। भाजपा नेता ने डिलीवरी ब्वॉय को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।
विज्ञापन
रेवाड़ी विधानसभा सीट से 2019 में भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ चुके सुनील मूसेपुर ने कुछ दिन पहले अमेजन से 30 हजार रुपये कीमत का एक साउंड सिस्टम ऑर्डर किया। डिलीवरी ब्वॉय ने पैकिंग को भाजपा नेता के हाथ में थमा दिया। भाजपा नेता ने मौके पर ही पैकिंग खोल कर देखी तो डिब्बे में गत्ते का कबाड़ और एक पुराना स्पीकर मिला।
उन्होंने डिलीवरी ब्वॉय को वहीं पर बैठाकर मॉडल टाउन थाना पुलिस को सूचना दी। डिलीवरी ब्वॉय संदीप ने बताया कि उन्हें कंपनी के गोदाम से माल डिलीवरी करने के लिए दिया जाता है। वह सीधे गोदाम से कस्टमर के पास पहुंचाते हैं। पैकिंग के अंदर क्या है, उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं होती। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।