जिस जमीन को प्रॉपर्टी डीलर को बेचा, उसी पर लिया 8.50 लाख रुपये का लोन
- प्रॉपर्टी डीलर को फर्जीवाड़े का पता चला तो मां सहित दो बेटों पर कराया केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
मकड़ौली खुर्द के एक प्रॉपर्टी डीलर ने गांव की ही एक महिला और उसके दो बेटों पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। प्रॉपर्टी डीलर का आरोप है कि जो जमीन आरोपियों ने उसे बेची थी। कुछ दिन बाद उसी पर साढ़े आठ लाख रुपये का लोन ले लिया। जब उसने जमीन की रजिस्ट्री करवाने के लिए दस्तावेज निकलवाए तो लोन के बारे में पता चला। इस संबंध में आर्यनगर थाने में महिला चंदरो सहित उनके बेटे मंजीत व अमरजीत के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया हैं।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मकड़ौली खुर्द निवासी बिजेंद्र शर्मा ने बताया कि उसने दिसंबर 2016 में गांव के ही चंदरो व उसके बेटे मंजीत और अमरजीत से जमीन का सौदा किया था। इसके लिए अलग-अलग एग्रीमेंट किये गये थे। उसने जमीन का पूरा भुगतान कर दिया था। जमीन की रजिस्ट्री बाद में करवाने को लेकर बात तय हुई थी। फरवरी 2018 में बिजेंद्र ने रजिस्ट्री करवाने के लिए जमीन के दस्तावेज निकलवाए। तब खुलासा हुआ कि जिस जमीन को आरोपियों ने बिजेंद्र को बेच दिया था। उसी पर बैंक से साढ़े आठ लाख रुपये का लोन ले रखा है। पूरे मामले का पता चलने के बाद बिजेंद्र ने आरोपियों से लोन चुकाकर जमीन नाम करने की बात कही। इस पर वह टालमटोल करते रहे। आरोप है कि बिजेंद्र को आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं करवाने की धमकी दी। इसके बाद बिजेंद्र ने पुलिस को मामले की शिकायत दी। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एटीएम कार्ड की डिटेल लेकर ठगी
कुछ आरोपियों ने बैंक अधिकारी बनकर कमला नगर के दिलबाग सिंह से उनके एटीएम कार्ड की डिटेल ली। इसके बाद आरोपियों ने उनके खाते से करीब पचास हजार रुपये निकाल लिये। इस संबंध मेें आर्यनगर थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में दिलबाग ने सिंह ने बताया कि उनके पास अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताया। फिर दिलबाग से कहा कि उनका एटीएम कार्ड ब्लॉक होने वाला है। चालू रखने के लि ए डिटेल बतानी होगी। जैसे ही दिलबाग से डिटेल बताई तो आरोपियों से खाते से रुपये उड़ा दिये। इसके बाद दिलबाग ने पुलिस व संबंधित बैंक में शिकायत दी।