कुरुक्षेत्र। पानीपत रिफाइनरी के एक इंजीनियर को पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो किलो अफीम व एक क्विंटल डोडापोस्त भी पुलिस ने बरामद किया। पुलिस के अनुसार राजस्थान के पाली निवासी आरोपी वॉलीबाल का अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रह चुका है। पुलिस ने आरोपी इंजीनियर को छह दिन की रिमांड पर लिया है। जिसके नशीले पदार्थों की तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
सीआईए प्रभारी मनदीप सिंह के अनुसार राजस्थान के जिला पाली के गांव फुलाद निवासी प्रेमवान को पुलिस ने ढांढ रोड पर भाखड़ा नहर के पुल के पास से दबोचा।
प्रेमवान पानीपत रिफाइनरी में इंजीनियर के पद पर तैनात है और वहीं मॉडल टाउन में रहता था। शनिवार को वह अपनी कार से नशीले पदार्थों की डिलेवरी देने के लिए आसपास के इलाके में जा रहा था। इसी दौरान उसे दबोचा गया। उसकी कार से तलाशी के दौरान दो किलो अफीम और 1.10 क्विंटल डोडापोस्त बरामद किया गया। वह जिन लोगों को सप्लाई देनी जा रहा था, पुलिस उनको पहले ही दबोच चुकी थी। प्राथमिक तौर पर आरोपी ने पुलिस को बताया है कि वह पिछले करीब चार माह से नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहा था और बेटियों की शादी में कर्जदार होने के चलते यह कदम उठाया है। आरोपी ने पानीपत मॉडल टाउन में अपना घर बनाया हुआ है जबकि वह आगरा में आर्मी जवानों को वॉलीबाल की ट्रेनिंग देने के लिए भी हर साल एक माह जाता था और कोच के तौर पर खेल प्रतियोगिताओं में भी शामिल होता था। पुलिस ने कोर्ट से आरोपी को छह दिन की रिमांड पर लिया है। इसके दौरान बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है।