फ्लैग-आरोप, 20 दिन पूर्व हुए झगड़े में सुलह करवाई तो एसआई के बेटे ने बेरहमी से पीटा
बीए के छात्र को नंगा कर कुएं में लटकाया, वीडियो वायरल
-सोनीपत में तैनात है एसआई, पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अर्बन स्टेट थाने पर दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। बीस दिन पहले दोस्तों के झगड़े में बीच-बचाव करना एक छात्र को महंगा पड़ गया। शहर के एक कॉलेज के बीए द्वितीय वर्ष के छात्र का अपहरण करने के बाद एसआई के बेटे और उसके साथियों ने उसे नंगा कर कुएं में लटका दिया। यही नहीं उसका वीडियो भी बना लिया। वीडियो को बाद में वायरल कर दिया गया। पता चलने पर पीड़ित ने एसआई के बेटे और अन्य आरोपियों पर सोमवार को अर्बन स्टेट थाने पर केस दर्ज कराया।
सोनीपत निवासी एक युवक शहर के एक कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। सुखपुरा चौक पर किराए पर रहता है। 15 जुलाई को उसके पास एक दोस्त का फोन आया। उसने सोनीपत रोड स्थित एक स्कूल के पास बुलाया। आरोप है कि जैसे ही वह स्कूल के पास पहुंचा तो उसे कार में डाल लिया। अपहरण करने के बाद आरोपी उसे भालौठ स्थित खेतों में ले गए। जहां पर बाइक पर सवार दो अन्य युवक भी आ गए। नवीन और उसके साथियों ने छात्र को नग्न कर पहले तो कुएं में लटका दिया। इसके बाद उसकी वीडियो भी बनाई। साथ ही उसके साथ मारपीट की। मामले की शिकायत पुलिस से करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
दो दिन बाद वायरल किया वीडियो
घटना के दो दिन बाद 17 जुलाई को छात्र की नग्न वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर अर्बन स्टेट थाने पर केस दर्ज किया गया है। नवीन के पिता सोनीपत में पुलिस विभाग में एसआई बताए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
------
पीड़ित छात्र की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
- प्रवीण मलिक, एसएचओ, अर्बन स्टेट
---
आरोपी कॉल कर दे रहे धमकी
छात्र का आरोप है कि मामला दर्ज होने के बाद उसके मोबाइल फोन पर कॉल कर उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इससे वह दहशत में है। जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
झगड़े की रंजिश में दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित छात्र ने बताया कि बीस दिन पूर्व ही एसआई के बेटे और उसके कुछ दोस्तों के बीच रोहतक के प्रोपर्टी डीलर के कार्यालय में गाली-गलौज के बाद झगड़ा हो गया था। उसने दोनों पक्षों के बीच सुलह करा दी थी। आरोप है कि इसी रंजिश में आरोपियों ने छात्र के साथ मारपीट की तथा उसे नंगा कर कुएं में लटका दिया।
---
वीडियो में पैर पकड़ता दिखाई दे रहा पीड़ित
जो वीडियो वायरल की गई है उसमें पीड़ित के साथ आरोपी मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित पर पैर पकड़ने का दबाव बनाया जा रहा है। यही नहीं उसके साथ गाली गलौज भी की जा रही है। आरोपी पीड़ित को पीटते हुए नंगा करा देते हैं। इसके बाद पैर पकड़वाते दिखाई दे रहे हैं।