रोहतक। कच्चा बेरी रोड रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर के निर्माण ने रफ्तार पकड़ ली है। पिलरों पर स्थापित करने के लिए स्पान (बड़े गार्डर) आ गए हैं, जिन्हें जोड़ने का काम जल्द शुरू होने जा रहा है। इसके साथ ही फ्लाईओवर का बेस (आधार) बनेगा। मई में रेलवे से ब्लॉक (रेल संचालन रुकवाना) लेकर काम पूरा होगा। रेलवे से ब्लाक मिला तो जून में फ्लाईओवर चालू हो जाएगा।
एलिवेटेड रोड बनने से पुराना बस स्टैंड क्षेत्र से मालगोदाम की तरफ भारी वाहनों के आवागमन से जाम की गंभीर समस्या हो गई। इसका निदान करने के लिए एलिवेटेड रोड से जोड़ते हुए कच्चा बेरी क्रासिंग पर फ्लाईओवर बनाने का फैसला हुआ ताकि मालगोदाम, फल-सब्जी और अनाज मंडी की तरफ जाने वाले वाहनों का सुगमता से आवागमन हो और पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में जाम नहीं लगे। इसके चलते जनवरी 2019 में फ्लाईओवर का शिलान्यास हुआ, जो मार्च 2021 तक बनना था। एलिवेटेड रोड को जोड़ते हुए 910 मीटर का फ्लाईओवर बनेगा। रेल माल गोदाम की तरफ का रास्ता चालू कर दिया गया है। वहीं, फल-सब्जी व अनाल मंडी की तरफ भी फ्लाईओवर बन चुका है। वर्तमान में क्रॉसिंग के ऊपर निर्माण होना शेष है। करीब सात माह से क्रासिंग के ऊपर फ्लाईओवर का निर्माण बंद था क्योंकि रेलवे की तरफ से डिजाइन फाइनल होकर नहीं आई थी। विगत दिनों रेलवे से डिजाइन स्वीकृत होकर आने पर तेजी से काम शुरू हो गया है। क्रॉसिंग के दोनों तरफ पिलर बनाने का काम अंतिम चरण में हैं। इन पिलर पर स्थापित करने के लिए स्पान आ चुके हैं, जिन्हें जोड़ने का काम तीन-चार दिन में शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही फ्लाईओवर के बेस का निर्माण शुरू हो जाएगा, जो मई तक बनकर तैयार हो जाएंगे। इसके बाद कार्यदायी संस्था रेलवे प्रशासन से मई में ब्लॉक लगाने का समय मांगेगी। रेलवे से ब्लॉक मिलते ही स्पॉन और बेस रख दिए जाएंगे। इसके बाद कंक्रीट से सड़क बनाकर फ्लाईओवर का काम पूरा हो जाएगा।
सात मिनट में पहुंचेंगे फल-सब्जी व अनाज मंडी
कच्चा बेरी रेलवे क्रासिंग फ्लाईओवर चालू होने से शहरवासियों का फल-सब्जी व अनाज मंडी आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। हिसार बाईपास से लोगों को आवागमन करने में औसतन 30-35 मिनट के समय लगता है। यदि जाम मिलता है, तो कितना समय लगेगा, कोई नहीं जानता। फ्लाईओवर के चालू होने से बिना जाम लोगों को आंबेडकर चौक से फल-सब्जी व अनाज मंडी पहुंचने में बमुश्किल सात मिनट लगेंगे।
0- फ्लाईओवर एक नजर में
एलीवेटेड रोड से फल-सब्जी-अनाज मंडी तक 910 मीटर
करीब 250 मीटर लंबी रोड स्टेशन के पास तक बनेगी
फ्लाईओवर व लैग रोड बनाने की लागत 29.70 करोड़
फ्लाईओवर 22 पिलर पर बनेगा जबकि लैग रोड चार पिलर पर
वर्जन-
रेलवे क्रॉसिंग पर बनने वाले फ्लाईओवर के स्पान आ चुके हैं। इनको जोड़ने वाले कारीगर तीन-चार दिन में आकर काम शुरू कर देंगे। इसके बाद फ्लाईओवर का बेस बनेगा, जो अप्रैल अथवा मई के पहले सप्ताह तक बनकर तैयार होगा। मई में रेलवे से ब्लॉक लिया जाएगा, जो मिलते ही फ्लाईओवर का काम पूरा हो जाएगा।
- वीरभान, डायरेक्टर कार्यदायी संस्था