स्कूली शिक्षा पूरी कर विश्वविद्यालय की दहलीज पर कदम रखने का प्रदेश के विद्यार्थियों का इंतजार समाप्त हो गया है। ये विद्यार्थी 4 जुलाई से विभिन्न पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्सों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए एमडीयू सोमवार से पोर्टल ओपन करने जा रहा है। विवि ने नए सत्र की दाखिला प्रक्रिया का शेड्यूल तय कर लिया है। इसके तहत विद्यार्थी 22 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे। यही नहीं, एमडीयू व सी-पास (सेंटर फॉर प्रोफेशनल एलाइड स्टडीज) गुरुग्राम में प्रवेश के लिए परीक्षा व काउसिंलिंग कॉमन होगी।
उच्च शिक्षा पाने के इच्छुक उम्मीदवार दाखिले की तैयारी शुरू कर दें। एमडीयू ने प्रवेश प्रक्रिया को हरी झंडी देते हुए सोमवार से पोर्टल ओपन करने की तैयारी कर ली है। विवि की ओर से 12वीं के बाद चलाए जा रहे पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्सों में से ज्यादातर में प्रवेश परीक्षा के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
इसमें एमडीयू के पांच वर्षीय अंग्रेजी, गणित, विधि, कॉमर्स व एमबीए के अलावा फाइन आर्ट्स का छह वर्षीय कोर्स शामिल है। जबकि कुछ कोर्सों में मेरिट आधार पर आवेदकों को प्रवेश मिलेगा। इसमें बीसीए, अर्थशास्त्र, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, होटल मैनेजमेंट के चार व पांच वर्षीय कोर्स में शैक्षणिक अंकों की मेरिट आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। इस बार एमडीयू व सी-पास ग्रुरुग्राम की काउंसिलिंग व प्रवेश परीक्षा कॉमन होगी। इसके अलावा बीटेक व बीफार्मा के कोर्सों में टेक्नीकल एजुकेशन की रेगुलेटरी बॉडी के अनुसार प्रवेश दिया जाएगा।
आवेदन व प्रवेश परीक्षा की देनी होगी प्रॉसेसिंग फीस
एमडीयू ने दाखिला प्रक्रिया के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश परीक्षा व काउंसिलिंग प्रक्रिया के लिए प्रोसेसिंग फीस देनी होगी। यह सामान्य वर्ग के एक हजार रुपये रखी गई है। जबकि अनुसूचित जाति वर्ग के आरक्षित श्रेणी के विद्यार्थियों को नियमानुसार छूट दी गई है। इनके लिए करीब 250 रुपये शुल्क तय किया गया है।
अतिरिक्त विषय भी ले सकेंगे विद्यार्थी
नए सत्र में विद्यार्थी एक से अधिक विषय के लिए भी आवेदन कर सकेंगे। वे एक से अधिक विषय में प्रवेश ले सकते हैं। ऐसे आवेदकों को अतिरिक्त शुल्क देना होगा। विवि ने सामान्य वर्ग के 200 रुपये प्रति आवेदन व अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 50 रुपये प्रति आवेदन शुल्क तय किया है।
एमडीयू ने दाखिला शेड्यूल तय कर लिया है। विवि की दाखिला प्रक्रिया 4 जुलाई से शुरू हो रही है। आवेदन करने वालों के लिए विवि सोमवार से पोर्टल ओपन करेगा। इसी दिन पोर्टल पर प्रॉस्पेक्टस भी अपलोड कर दिया जाएगा। एमडीयू व सी-पास गुरुग्राम की काउंसिलिंग व प्रवेश परीक्षा कॉमन होगी।
- प्रो. गुलशन तनेजा, कुलसचिव, एमडीयू।