सोनीपत : मौके पर जांच करती मुख्यमंत्री उड़दस्ता व मार्केटिंग बोर्ड की टीम।
- फोटो : Sonipat
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने रोहतक-पानीपत हाईवे पर शहर थाना क्षेत्र के एक खेत सेे 510 क्विंटल धान के भंडारण का खुलासा किया। उड़नदस्ते ने मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को बुलाकर दो प्रचेजरों पर एचएआरडीएफ, मार्केट फीस व जुर्माना लगाकर 65 हजार रुपये से अधिक रुपये का चालान किया। इसके अलावा भविष्य में ऐसा करने पर कड़ी कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी।
मंगलवार को मुख्यमंत्री उड़दस्ते को सूचना मिली थी कि गोहाना में रोहतक-पानीपत हाईवे पर एक खेत में दूसरे राज्यों से सस्ते भाव में धान मंगवा कर भंडारण किया जाता है। इसके बाद वहां से स्थानीय अनाज मंडी में किसानों का धान दिखाकर उसे अधिक भाव में बेचा जाता है। इस पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने मंगलवार दोपहर को बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीदार डॉ. प्रमोद कुमार व मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। यहां टीम ने देेखा कि ट्रक से ट्रॉली में धान भरा जा रहा था। इसके बाद मार्केटिंग बोर्ड ने जांच की तो प्रदीप कुमार का 210 क्विंटल 1718 किस्म का धान मिला। ऐसे में मार्केटिंग बोर्ड ने उस पर धान की कीमत के आधार पर 15 हजार 900 रुपये मार्केट फीस, इसका 7980 रुपये जुर्माना, 3990 रुपये एचएआरडीएफ व इसका 2000 रुपये जुर्माने का चालान भी किया।
इसके अलावा मोहित के नाम से 300 क्विंटल पीआर धान का भंडारण मिला। इस पर अधिकारियों ने उसकी कीमत अनुसार मोहित पर 11,820 रुपये मार्केट फीस, उसका 5910 रुपये जुर्माना, 11,820 रुपये ही एचआरडीएफ व इसका भी 5910 रुपये जुर्माना लगाया। दोनों पर 65,390 रुपये का चालान किया गया। गोहाना मार्केट कमेटी के सचिव जितेंद्र श्योराण ने बताया कि दोनों फीस की चोरी कर रहे थे। उसी के आधार पर उनसे फीस व जुर्माना वसूलने के लिए चालान किए गए हैं।