फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

श्रमिकों व पुलिस के बीच झड़प, डीसी ने मांगा दो दिन का समय

विज्ञापन
जिला विकास भवन के पास प्रदर्शन करते श्रमिक। अमर उजाला
विज्ञापन
छोटूराम चौक पर छह दिन पहले दो राजमिस्त्री की मौत के मामले को लेकर भवन निर्माण कामगार यूनियन ने शुक्रवार को कैनाल रेस्ट हाउस के बाहर प्रदर्शन किया। डीसी से मिलने की जिद्द पर अड़े श्रमिकों व पुलिस के बीच झड़प भी हो गई। बाद में मामला शांत हुआ। डीसी, एसपी व डीएसपी ने जिला उपायुक्त के आवास पर चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से बात की और दो दिन में समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी लौट गए।
विज्ञापन

2 अक्तूबर को छोटूराम चौक के नजदीक निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरकर प्रवासी श्रमिक गौतम व उत्तम की मौत हो गई थी। आर्य नगर थाने में बिल्डिंग मालिक व ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज है। 5 अक्तूबर को भवन निर्माण कामगार यूनियन ने डीसी आवास के बाहर 10-10 लाख मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था, लेकिन अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। प्रशासन को आठ अक्तूबर का समय दिया गया है। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे श्रमिक पहले मानसरोवर पार्क में एकत्रित हुए। वहां से प्रदर्शन करते हुए डीसी कार्यालय के बाहर पहुंचे, जहां ड्यूटी मजिस्ट्रेट से डीसी कैप्टन मनोज कुमार से बात करने की बात कही। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि डीसी कैनाल रेस्ट हाउस में स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा के साथ कोरोना की तीसरी लहर रोकने के लिए की जा रही छह जिलों के डीसी के साथ मीटिंग में व्यस्त हैं। प्रदर्शनकारी बात करने पर अड़ गए और जिला उपायुक्त कार्यालय की तरफ चल पड़े। कैनाल रेस्ट हाउस से पहले पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करने लगे। अचानक पुलिस व श्रमिकों के बीच झड़प हो गई। नौबत हाथापाई तक आ गई। हालांकि थोड़ी देर बाद मामला शांत हो गया।
डीसी व एसपी ने चार सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल से की बात
कैनाल रेस्ट हाउस से डीसी कैप्टन मनोज कुमार व एसपी राहुल शर्मा बाहर आए। साथ में डीएसपी सज्जन सिंह भी थे। तीनों अधिकारियों ने डीसी आवास के अंदर चार सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में कामरेड विनोद कुमार, रामभगत, कमलेश लाहली व संजीव कुमार शामिल रहे। भवन निर्माण कामगार यूनियन नेता संजीव ने कहा कि डीसी ने दो दिन में उचित मुआवजे, श्रमिक पंजीकरण व आरोपी बिल्डिंग मालिक व ठेकेदार के खिलाफ उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। वे अधिकारियों के रवैये से संतुष्ट हैं। प्रदर्शन में माकपा जिला सचिव एवं महिला नेत्री जगमति सांगवान, किसान नेता अशोक मायना, जगबीर हुड्डा के अलावा एडवोकेट अतर सिंह हुड्डा, किशोर, सुरेश यादव, जितेंद्र, सतपाल महम, लंबू, पिंटू, मनोज, प्रदयुमन, प्रेम, जोगेन्द्र, महेंद्र, कौशल्या गायत्री, अरुण, अल्ताफ, चंदन, महेश, मंटू, परशुराम, अकील व कोरेलाल भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें