जाट कॉलेज में पढ़ रहे बीकॉम के छात्र के साथ बैंक से पर्सनल लोन दिलवाने के नाम पर 85 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने बैंक कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक आजादगढ़ निवासी नितेश हुड्डा ने दी शिकायत में बताया कि उसने पढ़ाई पूरी करने के लिए निजी बैंक से पर्सनल लोन लेना था। जब वह हुडा कांप्लैक्स स्थित बैंक के बाहर पहुंचा तो उसे शिव शर्मा नामक व्यक्ति मिला और खुद को बैंक का कर्मचारी बताया। उसने 2 लाख 65 हजार रुपये का लोन दिलाने की बात कही इसके लिए उसने 15 हजार रुपये का कमीशन मांगा। इसके अलावा लोन की 16 हजार 42 रुपये की एडवांस किस्त जमा रहने की बात कही। उसने सहमति दे दी। उसे 28 नवंबर 2021 में लोन मिल गया। पांच दिसंबर को उसके खाते में 2 लाख 48 हजार 958 रुपये आए। लोन के बाद उसने दो मासिक किस्त समय पर जमा कर दी। तीसरी किस्त समय पर जमा न होने पर दो व्यक्ति उसके घर आए और बोले कि किस्त क्यों नहीं जमा करवाई। आपने 3 लाख 50 हजार रुपये का लोन ले रखा है। जबकि छात्र ने कहा कि उसने तो केवल 2 लाख 65 हजार रुपये लोन लिया है। इस तरह उसके साथ शिव शर्मा ने धोखाधड़ी की है।