रोहतक। गुुरुग्राम के निजी अस्पताल में दाखिल दुल्हन तनिष्का का जबड़े का ऑपरेशन तो हो गया है, लेकिन चार गोलियां निकल नहीं पा रही हैं। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों के मुताबिक गोलियां ज्यादा गहराई में चली गई हैं। बाजू में लगी गोली दूसरी तरफ के कंधे में अटकी हुई है। इसके अलावा पेट में लगी गोलियां भी गहराई में हैं। डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि 10 दिन बाद तय करेंगे कि एक-एक करके गोली निकाली जाए, या गोलियों को अंदर ही छोड़ा जाए।
बता दें कि 1 दिसंबर को तनिष्का शादी के बाद ससुराल जा रही थी। भाली गांव में पहुंचते ही इनोवा गाड़ी ने ओवरटेक करके कार रुकवा ली। कार से उतरे दो युवकों ने दूल्हे व दूसरे लोगों को नीचे उतार दिया। इसके बाद दुल्हन तनिष्का को पांच गोलियां मारी। एक गोली तो पीजीआई के डॉक्टरों ने निकाल दी थी, लेकिन चार गोलियां अभी तक नहीं निकली हैं। पुलिस ने मामले में सांपला के युवक साहिल व उसके साथी अजय को गिरफ्तार किया था। साथ ही तीन नाबालिग भी काबू किए गए।