रोहतक। शहर के कमला नगर में बाइक सवार तीन युवक ड्यूटी से घर लौट रही युवती का बैग व मोबाइल फोन छीनकर ले गए। बैग में पांच हजार रुपये की नकदी थी। इस संबंध में शिवाजी कालोनी थाने में झपटमारी का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक एकता कालोनी निवासी अंजलि ने दी शिकायत में बताया कि वह अशोका प्लाजा स्थित निजी कार्यालय में नौकरी करती है। बुधवार शाम को ड्यूटी के बाद ऑटो से घर जा रही थी। कमला नगर में ऑटो से उतरकर पैदल जाने लगी तो रास्ते में निजी नर्सिंग होम के नजदीक पीछे से बाइक पर तीन युवक आए। आते ही युवकों ने झपटा मारकर उसका पर्स व मोबाइल छीन लिया। उसने शोर मचाया, लेकिन बाइक सवार फरार होने में कामयाब रहे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिवाजी कॉलोनी थाने से एसआई अश्वनी मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी।