रोहतक। बीएसएनएल के सहायक महाप्रबंधक व रनर्स ग्रुप के धावक अरविंद पाल दहिया ने वीरवार को लगातार दौड़ने के 1300 दिन पूरे किए। दहिया ने लगातार दौड़ने की शुरुआत 20 जून 2020 से की थी और अभी तक वह लगातार प्रतिदिन बिना किसी अवकाश के दौड़ लगा रहे हैं।
इन 1300 दिनों में उन्होंने 14124 किलोमीटर की दौड़ लगाई। उनकी प्रतिदिन औसत दौड़ 10 किलोमीटर से ज्यादा बनती है। उन्होंने इस दौरान एक अल्ट्रामैरॉथन (50 किलोमीटर), 6 फुल मैराथन (42.2 किलोमीटर) और 176 हाफ मैराथन (21.1 किलोमीटर) लगाई। सबसे कम तीन किलोमीटर तक और अधिकतम 50 किलोमीटर प्रतिदिन की दौड़ लगाई। चाहे खराब मौसम हो या अन्य किसी भी प्रकार की रुकावट हो लेकिन वे नियमित तौर पर दौड़ जारी रखे हुए है। इस दौरान उन्होंने 4049 किलोमीटर साइक्लिंग और 2400 किलोमीटर वाॅकिंग भी की।