बोहर गांव के पास झुग्गी-झोपड़ी में लगी आग के बाद जला सामान। संवाद
बोहर गांव के स्टेडियम के पास सोमवार रात करीब 10 बजे झुग्गियों में आग लग गई। आग से झुग्गियों में रखे सिलेंडर बम की तरह फटने लगे। झुग्गियों में रह रहे लोगों ने भागकर जान बचाई। बोहर से दर्जनों ग्रामीण आग की लपटे व धमाकों की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे। रात साढ़े 12 बजे छह गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
ग्रामीण जयबीर ने बताया कि पिछले पांच साल से एक एकड़ में 50 से ज्यादा झुग्गी बसी हुई हैं, जहां 150 से ज्यादा महिला, पुरुष व बच्चे रहते हैं। ज्यादातर लोग कबाड़ एकत्रित करने का कार्य करते हैं। रात को करीब 10 बजे अचानक एक झुग्गी में आ लग गई, जो तेजी से फैलती गई। देखते ही देखते सभी झुग्गियां व आसपास पड़ा कबाड़ जलने लगा। झुग्गियों के अंदर रखे गैस सिलेंडर भी फटने लगे। बोहर तक के चार से पांच धमाकों की आवाज सुनाई दी। मामले की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ी सेक्टर पांच व दो गाड़ी सोनीपत स्टैंड स्थित फायर स्टेशन से पहुंची, लेकिन इसके बावजूद आग नहीं बुझ सकी। रात 11 बजे सांपला से एक गाड़ी मंगवाई गई। ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर साढ़े 12 बजे काबू पाया गया। झुग्गियों में लगी आग से पास के एक मकान का गेट भी जल गया। देर रात तक फायर ब्रिगेड आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही थी।
बोहर गांव के स्टेडियम के पास झोपड़ियों में लगी आग। संवाद- फोटो : RohtakCity