जिले में डेंगू पांव पसार रहा है। मंगलवार को 17 नए केस मिले हैं। इसके साथ ही मरीजों का आंकड़ा भी 362 पर पहुंच गया है। वहीं, कोरोना फिलहाल शांत है। संक्रमण के नए मरीज सामने नहीं आए रहे हैं। वहीं, 10 सक्रिय मरीज घरों में उपचाराधीन हैं।
उप सिविल सर्जन डॉ. अनुपमा मित्तल ने बताया कि जिले में डेंगू के 17 नए केस दर्ज किए गए हैं। महम में पांच, मदीना में दो, तेज कॉलोनी, प्रेम नगर, जिंदरान, सीसर खास, सुंदरपुर, किलोई, गिरावड़, मोखरा, निगाना, टिटोली में एक-एक केस मिला है। इसके अलावा लार्वा विरोध अभियान के तहत किला मोहल्ला, सैनीवास, शास्त्री नगर, हनुमान कॉलोनी, सैनीपुरा, शिवाजी कॉलोनी, जनता कॉलोनी, अमृत कॉलोनी का दौरा किया गया। यहां 31 जगहों पर मच्छर का लार्वा मिला। इन घरों में रहने वाले लोगों को नोटिस जारी कर दिया गया है।