डेंगू लगातार पांव पसार रहा है। पिछले 24 घंटे में 12 नए केस सामने आए हैं। इन केसों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। यही नहीं, 66 जगह लार्वा भी मिला है। इन जगहों पर रहने वालों को नोटिस जारी कर दिया गया है। साथ ही दोबारा लार्वा मिलने पर चालान किए जाने की चेतावनी दी गई है।
जिले में डेंगू का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। वीरवार को मिले 12 केसों ने स्वास्थ्य संबंधी चिंता बढ़ाने का काम किया है। इसमें धामड़ व किशनगढ़ महम में एक-एक, शिव कॉलोनी में दो, जनता कॉलोनी, आजादगढ़, सेक्टर तीन, लाढ़ौत रोड, संजय नगर, हनुमान कॉलोनी, प्रेम नगर, राजेंद्र नगर का एक-एक शामिल है। इसके साथ ही जिले में अब डेंगू मरीजों का आंकड़ा 87 पहुंच गया है।
यही नहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम को मच्छर का लार्वा भी मिला है। एंटी लार्वा एक्टिविटी के तहत टीम ने वीरवार को विभिन्न इलाकों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान 66 घरों में लार्वा मिला। इन घरों में रहने वालों नोटिस जारी करने के साथ 72 घंटे में दोबारा लार्वा मिलने पर चालान किए जाने की चेतावनी दी गई है। नगर निगम 200 से 3000 रुपये तक का जुर्माना कर सकता है। जिले में विभाग की ओर से 4592 लोगों को नोटिस जारी किया जा चुका है। पिछले वर्ष यह आंकड़ा 3695 था।
जिला मलेरिया अधिकारी उप सिविल सर्जन डॉ. अनुपमा मित्तल ने बताया कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में वीबीडी कार्य सुचारु रूप से चलाया जा रहा है। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी व चिकित्सा अधिकारी जागरूकता अभियान में भूमिका निभाते हुए कोविड 19, डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया से संबंधित बीमारियों के बारे में लोगों को जागरूक बनाने में योगदान दे रहे हैं।
बचाव के उपाय
- गड्ढों में पानी जमा न होने दें।
- जमा पानी में काला तेल डालें।
- छत की टंकी का ढक्कन दुरुस्त करें।
- घर व बाहर पूरी बाजू के कपड़े पहनें।
- पक्षियों के लिए रखे बर्तन को साफ करें।
- फ्रिज की ट्रे को हर सप्ताह साफ करें।
- वॉश बेसिन के छिद्र को किसी चीज से भर दें।