कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण को रफ्तार दी जा रही है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग ने शहर में 11 सरकारी व 12 गैर सरकारी केंद्र शुरू करने का फैसला लिया है। यहां सुबह 9 बजे से दोपहर दो बजे तक कार्यालय समय में कोई भी वैक्सीन लगवा सकता है। बुधवार को जिले में 5057 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इनमें से 4648 को पहली व 4409 को दूसरी डोज लगाई गई। जिले में अब तक 8,93,009 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अनिलजीत सिंह त्रेहान ने बताया कि टीकाकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी कड़ी में शहर में 11 केंद्रों पर वैक्सीनेशन की व्यवस्था बनाई गई है। इसमें नागरिक अस्पताल, पीजीआई का सुश्रुत सभागार, पीजीआई की ओपीडी, पॉली क्लीनिक सेक्टर तीन, ईएसआई अस्पताल पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, शिवाजी कॉलोनी डिस्पेंसरी, सेक्टर 14 डिस्पेंसरी, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोकर्ण, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुखपुरा, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एकता कॉलोनी, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिसिंह कॉलोनी शामिल है। इसके अलावा सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से 12 केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा। इसमें शहीद रविंद्र धर्मार्थ ट्रस्ट (कमला नगर), गुफा वाला मंदिर (4:30 शाम), शीतला माता मंदिर, आंबेडकर पार्क, जैनजति (चौबीसी परिवार), सती भाई साईं दास, एंबुलेंस, बीपी जैन पुरानी आईटीआई मैदान, देवीलाल पार्क सेक्टर एक (सुबह 7 बजे), वैद्य केसर दास लेबर चौक, शिव मंदिर शिवाजी कॉलोनी, राम आश्रम श्रीनगर कॉलोनी शामिल है। यही नहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भी पहले से टीकाकरण जारी है।
जिले में कोरोना के चार संक्रमित मरीज
कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। जिले में नया संक्रमित सामने नहीं आया है। फिलहाल चार संक्रमित केस घरों में आइसोलेशन में उपचाराधीन हैं। ऐसे में सतर्कता व परहेज बरतना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग की मानें तो जिले में बुधवार को नया केस नहीं मिला है। चार संक्रमित केस आइसोलेशन में हैं। विभाग ने 854 लोगों के सैंपल लिए। जबकि 381 को रिपोर्ट का इंतजार है। महामारी की संक्रमण दर 4.86 प्रतिशत व रिकवरी रेट 97.72 प्रतिशत है।