धान की खरीद शुरू करने के आदेश के बाद नई अनाज मंडी में धान और बाजरा की फसलों की आमद शुरू हो गई। रविवार को मंडी में 104 क्विंटल बाजरा आया लेकिन मुख्यालय से निर्देश न आने के कारण उसकी खरीद नहीं हुई। वहीं, 193 क्विंटल धान भी आया, लेकिन नमी की मात्रा ज्यादा होने के कारण उसकी भी खरीद नहीं हो सकी। पिछले साल रोहतक मंडी में 53 हजार क्विंटल धान और 28 हजार क्विंटल बाजरा की खरीद हुई थी।
रविवार को नई अनाज मंडी में बाजरा के चार और धान के दो गेट पास काटे गए। मार्केट कमेटी ने कहा कि उनकी ओर से फसलों की खरीद की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस बार बाजरा हैफेड को खरीदना है और धान हरियाणा वेयर हाउसिंग कारपोरेशन को। शनिवार को भी बाजरा की तीन ट्रॉली आई थीं, लेकिन खरीद नहीं हुई। बाजरा लाने वाले किसानों को ई-नेम पर गेट पास जारी किए गए। बाजरा की खरीद पर सोमवार तक स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है। मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने कहा कि जो किसान शेड्यूल के माध्यम से फसल लाएंगे, उन्हें गेट पास जारी किया जाएगा। जो बिना शेड्यूल के आएंगे, उन्हें ई-नेम पर गेट पास जारी किया जाएगा। उनकी फसलों की सरकारी खरीद नहीं होगी, वे व्यापारियों के फसल बेच सकेंगे। इस बार धान के लिए रोहतक और सांपला मंडियों को अधिकृत किया गया है। जबकि, बाजरा की खरीद रोहतक, सांपला, महम और कलानौर मंडियों में हो सकेगी। मूंग की खरीद सिर्फ रोहतक में होगी।
1000 रुपये पर हो रही बाजरा की निजी खरीद
रविवार को ट्रॉली में बाजरा लेकर नई अनाज मंडी पहुंचे टिटौली निवासी संजीव ने मांग की कि सरकार पूरा बाजरा एमएसपी पर खरीदे। संजीव ने कहा कि उन्हें गेट पास भी जारी नहीं किया गया है। सरकार कह रही है कि सिर्फ 25 प्रतिशत बाजरा एमएसपी पर खरीदा जाएगा। बाकी किसानों को भावांतर योजना के तहत 600 रुपये प्रति क्विंटल दिए जाएंगे। बाजरा का एमएसपी 2250 रुपये प्रति क्विंटल है। जबकि, व्यापारी इसे 1000-1200 रुपये प्रति क्विंटल में खरीद रहे हैं। ऐसे में अगर सरकार 600 रुपये दे भी देती है तो एमएसपी से बहुत कम होंगे, जिससे किसानों का काफी नुकसान होगा। अगर सरकार को बाजरा नहीं खरीदना था तो बिजाई से पहले ही स्पष्ट कर देती। इतनी बड़ी तादाद में किसान बाजरा न लगाते।
रविवार को मंडी में 104 क्विंटल बाजरा और 193 क्विंटल धान आया था। एचडब्ल्यूसी के अधिकारी मौके पर मौजूद थे। नमी की मात्रा ज्यादा होने के कारण धान की खरीद नहीं हो सकी। मंडी में खरीद के प्रबंध मुकम्मल कर लिए गए हैं।
- देवेंद्र ढुल, सचिव, मार्केट कमेटी, रोहतक
सरकार ने 25 प्रतिशत खरीद के बाद बाकी बाजरा पर भावांतर योजना के तहत भरपाई की घोषणा की है। लेकिन सोमवार को इस संबंध में पत्र जारी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। सोमवार को बाजरा की खरीद शुरू होने की उम्मीद है।
- अनूप नैन, डीएम, हैफेड