बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल जारी, काम बाधित
-महानिदेशक स्वास्थ्य विभाग ने बातचीत के लिए बुलाया, विफल रही वार्ता
फोटो सहित एसएनजे दो: सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करते बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन के सदस्य व पदाधिकारी।
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। दूसरे दिन जिला प्रधान कुलताज मलिक ने कहा कि महानिदेशक स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बातचीत का बुलावा आया था, इसे ध्यान में रखते हुए स्टेट यूनियन मंगलवार को अधिकारी से मिलने गई थी। लेकिन वार्ता विफल रही।
सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर चल रही हड़ताल का संचालन मुकेश कुमार जिला सचिव ने किया। उन्होंने बताया की सरकार की वादाखिलाफी और बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगों को न मानने के कारण एसोसिएशन के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। कहा कि उनकी मांगों को जब तक सरकार नहीं मानती वह हड़ताल समाप्त करने वाले नहीं हैं। मौके पर मिनिस्ट्रियल यूनियन के जिला प्रधान जय किशन लौरा ने अपना समर्थन एसोसिएशन को दिया। इसके साथ पूर्व स्टेट प्रधान निर्मल बल्हारा, जगबीर सिवाच, सुरेंद्र देशवाल, बबली देवी, सुनीता देवी, कमलेश, सरोज, प्रदीप, रमेश, बिजेंद्र, रामतिलक, प्रमोद, सतीश, नरेंद्र नारा, अनिल, सुनीता, कुलदीप, सुदेश, अनीता, सुमित्रा आदि उपस्थित रहे।
हड़ताल से काम प्रभावित
स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल से एंटी लारवा एक्टिविटी बंद होने के साथ, टीबी के मरीजों को दवा नहीं मिल पा रही और बुखार के मरीजों की स्लाइड नहीं बन रही है। इसके अलावा डेंगू केस के फॉलोअप, मलेरिया के मरीज को उपचार, गर्भवती महिलाओं का रजिस्ट्रेशन व चेकअप, डेथ व बर्थ रजिस्ट्रेशन का काम, बुधवार को टीकाकरण, जच्चा-बच्चा की देखरेख, उप स्वास्थ्य केंद्र पर दी जाने वाली हर सुविधा बाधित हो गई है।