रोहतक के गांव गरनावठी में बुधवार को हुई ऑनर किलिंग में युवती निधि के पूरे परिवार ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी थीं।
युवती के पिता नरेंद्र और चाचा रविंद्र के साथ-साथ भाई सन्नी ने भी प्रेमी जोड़े पर निर्ममता के साथ वार किए थे, जबकि मां रीटा देवी योजना में शामिल थी। वहीं, पुलिस ने शुक्रवार को हत्या में शामिल भाई सन्नी और कार चालक महेश को गिरफ्तार कर उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।
एक ने भी नहीं लिया होश से काम
युवती के परिवार के किसी भी सदस्य ने निधि और धर्मेंद्र की दर्दनाक चीखों की परवाह नहीं की और सभी ने मिलकर उन्हें तेजधार हथियारों से मौत के घाट उतार दिया। पांच दिन के रिमांड के दौरान पुलिस पूछताछ में युवती के पिता नरेंद्र उर्फ बिल्लू ने कबूला कि उसने युवक धर्मेंद्र की गर्दन काटी थी, जबकि उसके भाई रविंद्र ने अपनी भतीजी निधि को निर्ममता से मौत के घाट उतार दिया था। युवती के भाई सन्नी ने भी युवक पर तेजधार हथियार से वार किए थे, जबकि मां रीटा देवी पूरी योजना में शामिल थी। यदि इनमें से एक भी अपने होश पर काबू रखता तो दो परिवार बर्बाद होने से बच जाते।
युवती का भाई और कार का चालक गिरफ्तार
पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार को धर्मेंद्र और निधि की हत्या के मामले में मृतका के भाई सन्नी और कार चालक महेश को गांव के पास से ही गिरफ्तार किया। ये ही उन्हें कार में बहादुरगढ़ से गांव में लेकर आए थे, जहां उन्हें मौत के घाट उतारा गया। पुलिस ने दोनों को शुक्रवार दोपहर बाद अदालत में पेश किया और सात दिन का रिमांड मांगा। कोर्ट ने दोनों को पांच दिन के रिमांड पर भेज दिया। पुलिस मामले में पहले ही युवती के चाचा, पिता और मां को गिरफ्तार कर चुकी है।
हत्या में प्रयुक्त कुछ हथियार बरामद
मृतका के पिता नरेंद्र और चाचा रविंद्र की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुछ हथियार बरामद किए हैं। इस बारे में कलानौर थाना प्रभारी का कहना है कि हत्या में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और कुछ हथियार पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
हत्या पर पिता को नहीं पछतावा
मृतका का पिता नरेंद्र को अब भी हत्या का कोई पछतावा नहीं है। बार-बार वह यही कह रहा है कि उसने कोई गलत काम नहीं किया, बल्कि गलत काम करने वालों को सबक सिखाया है।
यह है मामला
गरनावठी के एक ही गौत्र के निधि और धर्मेंद्र में तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार को वे घर से फरार हो गए। बुधवार को युवती के परिजन उन्हें बहादुरगढ़ से अगवा कर ले आए और गांव में लाकर दोनों की गर्दन काट दी। युवती के शव को फूंकने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर आकर पुलिस ने रोक दिया। पुलिस ने युवती के पिता नरेंद्र, चाचा रविंद्र, भाई सन्नी, मां रीटा और कार चालक महेश को गिरफ्तार कर लिया है।