धारूहेड़ा। कस्बा में चाय के दुकानदार को अनजान युवक से मदद मांगना महंगा पड़ गया। मदद के बहाने युवक दुकानदार की मोटरसाइकिल लेकर भाग गया। सीसीटीवी कैमरे से युवक की पहचान कर पुलिस ने आरोपी युवक गांव कापड़ीवास निवासी संदीप उर्फ बच्ची को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को दी शिकायत में धारूहेड़ा के बजरंग नगर निवासी रोहित कुमार गुप्ता ने कहा है कि उन्होंने चाय की दुकान की हुई है। 28 मई को दोपहर के समय उनका रसोई गैस खत्म हो गया था। उस समय एक अनजान लड़का दुकान पर बैठा हुआ था। रोहित ने मोटरसाइकिल पर पीछे बैठकर सिलिंडर पकड़ने के लिए युवक से मदद मांगी। रोहित मोटरसाइकिल पर गैस सिलिंडर भरवाने के लिए युवक को साथ लेकर तहसील के सामने स्थित गैस एजेंसी पर चले गए। रोहित मोटरसाइकिल खड़ी कर पर्ची कटवाने के लिए एजेंसी के अंदर चले गए। साथ आया युवक सिलिंडर के साथ मोटरसाइकिल के पास ही खड़ा रहा। कुछ समय बाद रोहित एजेंसी से बाहर आए तो वहां सिर्फ सिलिंडर रखा हुआ था। मदद के लिए साथ आया युवक व उनकी मोटरसाइकिल गायब थी। उन्होंने युवक की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं लग पाया। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने रोहित कुमार की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो आरोपी युवक की पहचान गांव कापड़ीवास निवासी संदीप उर्फ बच्ची के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी युवक से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। जांच अधिकारी एसआइ सुंदर लाल ने बताया कि आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है।