रेवाड़ी। जिले के गांव नांगल मूंदी के निकट तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया। डहीना चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के जिला अलवर के गांव रघुनाथपुरा निवासी धर्मेंद्र ने कहा कि उसकी भतीजी की ससुराल रेवाड़ी के गांव प्राणपुरा में है। 27 मई के वह अपने भतीजे दीपक के साथ गांव प्राणपुरा आए हुए थे। शाम करीब सात बजे वह दीपक के साथ स्कूटी पर सवार होकर गांव नांगल मूंदी बस स्टाप जा रहे थे। स्कूटी दीपक चला रहा था। गांव नांगल-मूंदी के निकट पहुंचे तो सामने से आ रहे कार चालक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। दीपक को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में लेकर गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद डहीना चौकी पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।