गोहाना(सोनीपत)। गांव गामड़ी में घरेलू कलह से परेशान एक युवक ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक के भाई परमजीत ने भाई अमरजीत की पत्नी सहित ससुराल पक्ष पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। इस बयान के आधार पर अभियोग दर्ज करके पुलिस ने आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
गांव गामड़ी निवासी परमजीत ने सदर थाना में एफआईआर दर्ज कराई है कि उनके भाई अमरजीत (28) की करीब ढाई वर्ष पहले डोली के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद से ही उनकी पत्नी अक्सर झगड़ा करके अमरजीत को मानसिक रूप से परेशान करती थी। तीन-चार दिन पहले उसकी साली और सास भी गांव आकर अमरजीत से झगड़ा करके गई थीं।
बुधवार को भी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ। इससे आहत होकर अमरजीत ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। परमजीत का आरोप है कि जिस कमरे में अमरजीत ने फंदा लगाया, उसका दरवाजा खुला हुआ था। इसके बावजूद पत्नी ने उसे बचाने का कोई प्रयास नहीं किया।
घटना के समय घर में केवल अमरजीत और उसकी पत्नी ही मौजूद थे। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस ने परमजीत की शिकायत पर अमरजीत की पत्नी, साली और सास व एक अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।