सोनीपत। फर्जी क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी बनाकर गाढ़ी कमाई हड़पने का गंभीर मामला सामने आया है। करीब एक दशक पहले आरडी और एफडी योजनाओं के तहत जमा कराई गई राशि परिपक्वता अवधि पूरी होने के बाद भी वापस नहीं मिली।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव सेवली निवासी पिंकी ने आदर्श क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड में अलग-अलग समय पर आरडी और एफडी योजनाओं के तहत धनराशि जमा कराई थी।
सोसाइटी का कार्यालय उस समय गांधी चौक, सेक्टर-14 में संचालित था। पिंकी ने वर्ष 2015 से 2019 के बीच कुल 4.19 लाख रुपये सोसाइटी में निवेश किए थे।
पीड़िता के अनुसार विभिन्न योजनाओं की परिपक्वता अवधि पूरी होने पर उसे कुल 7.81 लाख रुपये मिलने थे लेकिन सोसाइटी के संचालक बार-बार टालमटोल करते रहे।
बाद में पीड़िता को जानकारी मिली कि सोसाइटी करीब चार से पांच वर्ष पहले निवेशकों का पैसा लेकर भाग चुकी है। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस आयुक्त कार्यालय, सोनीपत में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।