बावल में दिल्ली-जयपुर हाइवे पर नैचाना कट के पास एक कार की टक्कर से एक मजदूर की मौत हो गई है। हादसा उस वक्त हुआ, जब वह सड़क पार कर रहा था। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। बावल थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान के जिला मूंदी के गांव कैशोराय पाटन निवासी बिरम (35) बावल के नैचाना रोड पर स्थित झुग्गियों में अपने परिवार के साथ रहता था और मजदूरी करता था। रविवार की देर रात वह कोई सामान लेने के लिए दिल्ली-जयपुर हाइवे पर गया था।
पीछे-पीछे उसका छोटा भाई बिशनलाल पैदल-पैदल आ रहा था तभी नैचाना कट पर फैमिली ढाबा के सामने हाईवे पार करते समय जयपुर की तरफ से आ रही एक गुरुग्राम रजिस्ट्रेशन नंबर की कार ने उसे जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी कार सहित फरार हो गया।
बिशनलाल गंभीर रूप से घायल अपने भाई को पहले बावल अस्पताल और फिर रेवाड़ी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बावल थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। सोमवार को बिरम के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने मृतक के भाई बिशनलाल की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
- शहीद अहमद- थाना प्रभारी, बावल