रेवाड़ी। शहर थाना के अंतर्गत आने वाली भाड़ावास पुलिस चौकी में बुधवार की रात कुछ पुलिसकर्मियों की ओर से हिरासत में लिए गए दो युवकों की पिटाई करने का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें पुलिस दोनों युवकों को पीटते हुए दिखाई दे रही है। युवक चीखते चिल्लाते हुए पुलिस के आगे हाथ जोड़ रहे हैं। साथ ही बख्स देने की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन पुलिसकर्मियाें पर कोई असर नहीं दिख रहा है।
सूत्रों के अनुसार दोनों युवक रामबास मोहल्ला के बताए जा रहे हैं। मामले में शहर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि बुधवार की रात 11 बजे पुलिस पार्टी गश्त पर थी तभी पुलिस को बावल की एक कंपनी में काम करने वाले दो युवकों ने शिकायत दी थी कि राहुल और हनी नाम के लोगों ने उनसे लूटपाट की है। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर वीरवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।