रेवाड़ी। गोकल गेट चौकी पुलिस ने एटीएम के डिस्पेंसर के साथ छेड़छाड़ कर पैसे निकालने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के भिवाड़ी जिले के नंगला डुंगर निवासी इशबखान व राजस्थान के अलवर जिले के गांव राणोंली निवासी मुनफीद खान के रूप में हुई है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा रेवाड़ी के मुख्य प्रबंधक रामनिवास नाहरवाल ने पुलिस में दी शिकायत में बताया है कि 17 मई व 18 जून को दो अनजान युवक रेलवे स्टेशन के नजदीक सर्कुलर रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया एटीएम मशीन में घुसे और मशीन के डिस्पेंसर के साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद उन्होंने अपने-अपने एटीएम का इस्तेमाल करके एटीएम से पैसे निकाल लिए, लेकिन उनके खातों से एक भी रुपया डेबिट नहीं हुआ। उनके खातों से बिना पैसे डेबिट हुए वे एटीएम मशीन से लगातार पैसे निकलते रहे। आरोपियों ने एटीएम से धोखाधड़ी कर सात लाख सात हजार रुपये निकाल ले गए। यह घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। गोकल गेट चौकी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों का पता लगाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जा से वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी व एक बाइक भी बरामद कर ली है।