रेवाड़ी। जिले के एक गांव से तीन दिन पूर्व लापता हुई एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोपी झज्जर के कुलाना गांव के तीन युवकों रिंकू, अंकित और सत्यवान उर्फ भैरू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
क्षेत्र के गांव की एक महिला ने अपनी 17 वर्षीय बेटी की गुमशुदगी की शिकायत कोसली थाने में दर्ज कराई है। महिला के अनुसार उसकी 17 वर्षीय बेटी वीरवार शाम 6 बजे घर से सहेली के पास जाने की कह कर गई थी। रात आठ बजे तक वह वापस नहीं आई। परिवार के लोग उसे रातभर ढूंढते रहे लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। महिला ने अज्ञात पर उसे बहला फुसलाकर ले जाने का संदेह जताते हुए कोसली थाने में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात के विरुद्ध धारा 363 व 366 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया था। अब उसी मुकदमे में धारा 376 डी और पॉक्सो एक्ट की धारा 6-17 भी जोड़ी गई है। जांच अधिकारी ने बताया कि तीनों को अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।