रेवाड़ी। देश को आजाद कराने वाले देशभक्तों का जब भी नाम लिया जाता है तो इसमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम अग्रणी पंक्ति में आता है। उन्होंने अहिंसा के साथ देश को आजाद कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाले बापू देश की आजादी में महान नायक रहे। इसी मार्ग पर चलकर आज युवा वर्ग देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
युवाओं के अनुसार, महात्मा गांधी ने जो किया वो सोच से परे था। खुद पर विश्वास रखना उनका सबसे बड़ा गुण था। हम भी उनके विचारों को अपनाकर देश को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि गांधीजी द्वारा किए गए आंदोलन समाज की भलाई के लिए थे। बापू ने छात्रों के लिए भी कई ऐसे विचार दिए जो अमल में लाए जाएं तो व्यापक परिवर्तन ला सकते हैं। हम जो करते हैं और हम जो कर सकते हैं, इसके बीच का अंतर दुनिया की ज्यादातर समस्याओं के समाधान के लिए पर्याप्त होगा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भारत को ब्रिटिश शासन से मुक्त करने और एक स्वतंत्र देश जीने के लिए अपने सभी प्रयास किए।
-------------------------------------------
युवाओं की राय
बापू ने दी हमें सबसे बड़ी सीख
खुद पर विश्वास करना इतिहास में देखें तो यह बात साबित हो जाता है कि महात्मा गांधी ने जो भी किया वह सोच से परे था। उन्होंने हमें जो सबसे बड़ी सीख दी वो ये है कि अगर इंसान को खुद पर भरोसा हो तो उसके लिए कोई भी काम नामुमकिन नहीं है।
- युगम, युवा
-------------
बापू ने दिखाया सत्य व अहिंसा का मार्ग
गांधीजी ने अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश की स्वतंत्रता में अभूतपूर्व योगदान दिया। देश की आजादी में गांधीजी एक महान नायक रहे। बापू ने जीवन के तीन सिद्धांत बताए हैं सत्य, अहिंसा, ब्रह्मचर्य।
- राजगोविंद, युवा
----------------
वकालत पूरी होने के बाद आजादी दिलाने में जुटे
महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ। इंग्लैंड में वकालत की पढ़ाई पूरी करने के बाद बापू आजादी दिलाने में जुट गए। बापू का जीवन सभी के लिए एक आदर्श और प्रेरणा का स्रोत है।
-गौरव, युवा
-----------------
देशवासियों के जीवन में बदलाव लाना चाहते थे
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी महान सोच वाले एक साधारण व्यक्ति थे। वे करोड़ों देशवासियों के जीवन में बदलाव लाना चाहते थे। गांधीजी की प्रेरणा से सत्य अहिंसा सत्याग्रह स्वराज स्वदेशी सर्वोदय स्वच्छता की नीतियों को अपनाकर मनुष्य का सार्वभौमिक विकास हो सकता है।
- राहुल, युवा
-----------------
विचारों व कर्मों से लोगों का व्यक्तित्व बदला
महात्मा गांधी ने जीवन में विचारों और कर्मों से न जाने कितने लोगों का व्यक्तित्व बदला और उन्हें सही रास्ता दिखाया। बापू ने जीवन जीने की कला, मानव सेवा और सफलता प्राप्ति के लिए कई विचारों का प्रचार प्रसार किया।
-हन्नी कुकरेजा
------------------
न्याय के लिए रखी लड़ाई जारी
महान रणनीतिकार और स्वतंत्रता सेनानी होने के कारण बापू को कई बार गिरफ्तार किया गया और जेल भेजा गया। लेकिन उनके समर्पण और उच्च भावना ने उन्हें न्याय के लिए लड़ाई जारी रखने में मदद की। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भारत को ब्रिटिश शासन से मुक्त करने और एक स्वतंत्र देश जीने के लिए अपने सभी प्रयास किए।
- कविता, युवती
----------------------------------
एकता में विश्वास रखते थे बापू
बापू ने स्वतंत्रता आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए सभी धर्मों व समुदाय के लोगों की एकता बनाई, जिसका उन्होंने इस अवधि के दौरान उपयोग किया। महात्मा गांधी का जन्मदिवस हर साल पूरी दुनिया में अहिंसा दिवस के रूप में मनाया जाता है। भारत में उन्हें राष्ट्रपिता का दर्जा प्राप्त है।
संदीप यादव, युवा
-----------------------------------
विश्वास गांधीजी का सबसे बड़ा गुण था
गांधीजी का कहना था कि आप मानवता में विश्वास मत खोइए, मानवता सागर की तरह है। अगर सागर की कुछ बूंदे गंदी हैं तो सागर गंदा नहीं हो जाता। आपके साथ भले ही कोई खड़ा हो या न हो लेकिन अगर आपको पता है कि आप जो कर रहे हैं वह सही है, तो खुद पर विश्वास रखें क्योंकि सफल होने के लिए यह गुण सबसे जरूरी है।
सुनील कुमार, युवा