रेवाड़ी। पुलिस ने शहर के आंबेडकर चौक के निकट एक अल्ट्रासाउंड केंद्र के सामने से बीएमडब्ल्यू कार चोरी की वारदात को सुलझाते हुए कार मालिक व उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है। कार मालिक ने इंश्योरेंस का लाभ लेने के लिए अपने ही दोस्त से कार चोरी कराई थी। पुलिस ने कार भी बरामद कर ली है। आरोपी जिला गुरुग्राम के गांव खलीलपुर निवासी रवि व गांव नैनवाल निवासी देवेंद्र है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को आंबेडकर चौक स्थित एक अल्ट्रासाउंड केंद्र के सामने से बीएमडब्ल्यू कार चोरी होने की सूचना मिली थी। कार मालिक गुरुग्राम के गांव नैनवाल निवासी देवेंद्र ने बताया कि वह अपनी बीएमडब्ल्यू कार अल्ट्रासाउंड केंद्र के सामने खड़ी कर अंदर चले गए थे। कुछ समय बाद आए तो उनकी कार गायब थी। सूचना के बाद माडल टाउन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची व जांच शुरू की।
पूछताछ में सामने आई साजिश
पुलिस ने देवेंद्र से जानकारी ली तो उसकी बातों पर संदेह हो गया। जिस समय चोरी की वारदात हुई उस समय अल्ट्रासाउंड केंद्र के बाहर व चौक पर काफी भीड़ रहती है। ऐसे में कार चोरी होना पुलिस के गले नहीं उतरा। पुलिस ने जिले में नाकाबंदी भी कराई थी। जांच करते हुए पुलिस गांव खलीलपुर पहुंच गई तथा वहां से कार बरामद कर गांव निवासी रवि को हिरासत में ले लिया। कार बरामद होने के बाद पुलिस ने दोनों से सख्ती से पूछताछ की तो दोनों की साजिश सामने आई। पुलिस के अनुसार देवेंद्र पर काफी कर्जा हो गया था। देवेंद्र ने कार की एक चाबी रवि को दे दी थी। चौक से रवि कार लेकर गया था। देवेंद्र कार चोरी की शिकायत दर्ज करा इंश्योरेंस की राशि लेना चाहता था, लेकिन पुलिस ने उनके इरादों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।