रेवाड़ी। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कांग्रेस के विधायक चिरंजीव राव के बयान का जवाब देते हुए राव इंद्रजीत सिंह ने कहा, मैं कुएं का मेंढक नहीं, जो अपने संसदीय क्षेत्र तक सीमित रहूं। मुझे अपने ही संसदीय क्षेत्र में हैसियत दिखाने की जरूरत नहीं है। क्षेत्र की जनता ने मुझे 5 बार सांसद व 4 बार विधायक बनाकर संसद में भेजा है।
उन्होंने कहा कि हम आगे भी हरियाणा के कोने-कोने में शहीदों को याद करेंगे। दरअसल 23 सितंबर को झज्जर जिले के पटौदा में महान क्रांतिकारी राव तुलाराम के शहीदी दिवस पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह एक बड़ी रैली करने जा रहे हैं। इस रैली में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ से लेकर राव समर्थित मंत्री व विधायकों को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है। इस रैली को लेकर विपक्ष की तरफ से खासकर रेवाड़ी के विधायक चिरंजीव राव ने निशाना साधा था। कांग्रेस नेता चिरंजीव राव ने कहा था कि राव इंद्रजीत को अपने क्षेत्र से बाहर निकलकर रैली करनी पड़ रही है।
बुधवार को इसी बात के जवाब में कहा कि राव क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा के कोने-कोने में शहीदों को याद करेंगे। अगर किसी अन्य क्षेत्र से भी बुलावा आया तो वहां भी जरूर जाएंगे। राव इंद्रजीत सिंह ने रेवाड़ी की टूटी सड़कों को लेकर कहा कि कोविड के चलते सड़कों की मरम्मत नहीं हो पाई थी, लेकिन अब जल्द ही सड़कों को ठीक कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैंने आज तक जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करने का भी काम किया हैं।