कृषि फार्म परिसर में तेंदुए की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाते कर्मचारियों की टीम। स्रोत: कॉलेज
बावल। कस्बे के चौधरी चरण सिंह क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र के कृषि फार्म परिसर में तेंदुए की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए वन्यजीव विभाग और हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया।
करीब आठ सदस्यों की टीम ने परिसर के अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर तेंदुए की तलाश की। इस दौरान पटाखे चलाकर भी उसकी मौजूदगी का पता लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन टीम को कहीं भी तेंदुए के ताजा पदचिह्न नहीं मिले।
7 नवंबर की रात को कृषि फार्म परिसर में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली थी। इसके बाद मौके पर उसके पदचिह्न भी मिले थे। सूचना के आधार पर वन्यजीव विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए परिसर में पिंजरा लगाया था।
करीब दो दिन बाद तेंदुए के झाबुआ की बीहड़ में पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर कृषि फार्म परिसर में निगरानी और तलाश जारी रखी जा रही है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यजीत यादव ने बताया कि विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कहीं भी तेंदुए के ताजा पदचिह्न नहीं मिले और न ही उसकी मौजूदगी से संबंधित कोई नई जानकारी सामने आई है।
उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर विद्यार्थियों को समूह में रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा शाम के समय अकेले बाहर निकलने पर भी रोक लगाई गई है, ताकि तेंदुए की संभावित मौजूदगी से किसी तरह का खतरा न हो।