रेवाड़ी। लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। निष्पक्ष, स्वतंत्र और तथ्यपरक पत्रकारिता आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। मीडिया सरकार और जनता के बीच मजबूत सेतु के रूप में कार्य करता है। यह बात डीसी अभिषेक मीणा ने सोमवार को लघु सचिवालय में राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं दीं। डीसी ने कहा कि मीडिया जनसमस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में अहम योगदान देता है। पत्रकारों के माध्यम से जनता की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को प्रशासन तक पहुंचाने में भी मदद मिलती है।
डीसी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1966 में इसी दिन भारतीय प्रेस परिषद ने कार्य करना शुरू किया था। इसका मुख्य उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा करना और पत्रकारिता के उच्च मानदंडों को बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में पत्रकारिता की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। ऐसे में पत्रकारों को तथ्यों की पुष्टि और निष्पक्षता को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, पीपीपी स्टेट कोऑर्डिनेटर सतीश खोला, सीटीएम जितेंद्र कुमार और डीआईपीआरओ संदीप कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे।