सोनीपत। सरकारी स्कूलों में शिक्षण को अधिक रोचक व गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से संचालित संपर्क टीवी कार्यक्रम को लेकर सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. के राजेश्वर राव ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में कार्यक्रम की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
इस पर उपायुक्त सुशील सारवान ने संपर्क टीवी कार्यक्रम सभी स्कूलों में लागू करने की बात कही। डॉ. के राजेश्वर राव ने कहा कि संपर्क फाउंडेशन की ओर से विकसित संपर्क टीवी अभिनव शिक्षण समाधान है जो सामान्य टीवी को स्मार्ट कक्षाकक्ष में परिवर्तित कर देता है।
यह तकनीक बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी काम करती है जिससे ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के स्कूलों में विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो रही है।
उन्होंने बताया कि संपर्क टीवी के माध्यम से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से तैयार की गई एनिमेटेड कहानियां, शैक्षणिक गीत, गतिविधियां और प्रश्नोत्तरी बच्चों को सीखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
संपर्क टीवी कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को रटने वाली शिक्षा से निकालकर समझ आधारित और आनंददायक शिक्षा की ओर ले जाना है। संपर्क टीवी जैसे नवाचारी कार्यक्रम शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन रहे हैं। यदि इसका सही ढंग से क्रियान्वयन किया जाए तो यह ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करेगा।
उपायुक्त सुशील सारवान ने संपर्क फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्लेटफाॅर्म बच्चों की शिक्षा के स्तर पर ऊंचा उठाने के लिए बेहतरीन प्रयास है। उनका प्रयास रहेगा कि इसे सभी स्कूलों में लागू किया जाए ताकि बच्चों की शिक्षा को सरल बनाया जा सके।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया को निर्देश दिए कि सभी स्कूलों में संपर्क टीवी का नियमित और योजनाबद्ध उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इसमें शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी, समय-समय पर मॉनिटरिंग और फीडबैक के आधार पर सुधारात्मक कदम उठाना भी सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान संपर्क फाउंडेशन के स्टेट हेड दुर्गा प्रसाद व सभी खंड शिक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे।