मौलिक शिक्षा निदेशालय हरियाणा की ओर से नियम 134-ए के अंतर्गत सत्र 2021-22 में दाखिले के लिए अनुसूची जारी कर दी गई है। दाखिले के लिए लंबे समय से आवेदन शुरू करने की मांग की जा रही थी।
अब लंबे समय बाद आवेदन शुरू होंगे। इससे जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत की बात है। इसमें कक्षा दूसरी से बारहवीं में आवेदन किए जा सकेंगे।
पोर्टल पर करने होंगे यह अपडेट
सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों को भेजे पत्र में निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों को जरूरी दिशा-निर्देश देने के लिए भी कहा है। इसमें पोर्टल पर विद्यालय का पूरा नाम, पता, पिन कोड, यू-डायस कोड, विद्यालय निर्देश का माध्यम-हिंदी या अंग्रेजी माध्यम, विद्यालय की मान्यता स्थिति व विद्यालय किस कक्षा तक मान्यता प्राप्त है, क्षेत्रीय प्रकार- शहरी या ग्रामीण क्षेत्र, विद्यालय का प्रकार-कोएड, गर्ल्स या ब्वॉयज, शिक्षा बोर्ड- सीबीएसई, आईसीएसई, स्टेट बोर्ड और इंटरनेशनल या अन्य। इसके अलावा व्यवस्थापक का मोबाइल नंबर और अन्य मोबाइल नंबर, ई-मेल, कक्षा 2 से 8 और कक्षा 9 से 12 तक आरक्षित सीटों की सूचना पोर्टल पर डिस्पले करनी होगी। साथ ही अधिकारियों को 9-अक्तूबर से 17 अक्तूबर तक 134ए के पोर्टल पर हर हाल में रिकॉर्ड अपडेट करवाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
मौलिक शिक्षा निदेशालय हरियाणा की ओर से नियम 134-ए के अंतर्गत सत्र 2021-22 में दाखिले के लिए अनुसूची जारी कर दी गई है। 24 अक्तूबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। -राजेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी।