रेवाड़ी। जिले के कॉलेजों में सोमवार से दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि दूसरे दिन विद्यार्थियों को परिवार पहचान पत्र व मोबाइल पर ओटीपी नहीं आने से रजिस्ट्रेशन कराने में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं इस बार कोरोना महामारी के चलते विद्यार्थी के आवेदन के लिए कॉलेज में नहीं आने का नियम भी परेशानी बढ़ा रहा है।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने दाखिला प्रक्रिया सोमवार से शुरू कर दी, लेकिन पहले ही दिन करीब 4 घंटे देरी से पोर्टल शुरू हो सका। इस कारण कई विद्यार्थी बिना रजिस्ट्रेशन कराए ही लौट गए। वहीं दूसरे दिन कुछ विद्यार्थियों को परिवार पहचान पत्र से रजिस्ट्रेशन करने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। कॉलेज प्रबंधन ने इस संदर्भ में विभाग को सूचित कर दिया है। वहीं जिले के 18 राजकीय, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी कॉलेजों में लगभग 9010 सीटों पर दाखिले होने हैं।
विभाग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार 26 अगस्त आवेदन की अंतिम तिथि है। दो सितंबर को पहली मेरिट लिस्ट जारी कर दी जाएगी। बच्चों को कोर्स चुनने में किसी तरह की दिक्कत न हो, इसलिए सभी कॉलेजों में हेल्प डेस्क शुरू कर दी गई है।
पोर्टल पर रिहायशी पता भरने का मेन्युअल विकल्प नहीं
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करते वक्त फैमिली कार्ड अपलोड करनी होती है। सॉफ्टवेयर आवेदक के घर के एड्रेस को ऑटो फेच (सर्च) नहीं कर पा रहा है। पोर्टल पर एड्रेस को मेन्युअली भरने का ऑप्शन भी नहीं है। वहीं पोर्टल पर मैसेज फ्लैश हो रहा है कि फैमिली कार्ड में दिए गए एड्रेस को सही करवाएं। जिले से इस बार लगभग 18 हजार विद्यार्थियों ने इस सत्र में 12वीं पास की है। जबकि यूजी के लिए जिले में 9010 सीटें ही खाली हैं। कोरोना संक्रमण के कारण इस साल भी 3 महीने की देरी से दाखिले की प्रक्रिया शुरू हुई है।
दाखिला प्रक्रिया का ये है शेड्यूल
- 26 अगस्त तक- रजिस्ट्रेशन के लिए ओपन रहेगा पोर्टल।
- 18 से 28 अगस्त- ऑनलाइन डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन होगा।
- 2 सितंबर- पहली मेरिट लिस्ट (6 सितंबर तक होगी मान्य)।
- 2 से 6 सितंबर- ऑनलाइन फीस जमा (पहली मेरिट लिस्ट)।
- 8 सितंबर- दूसरी मेरिट लिस्ट (11 सितंबर तक मान्य)।
- 8 से 11 सितंबर- ऑनलाइन फीस जमा (दूसरी मेरिट लिस्ट)।
- 13 सितंबर- बची हुई सीट के आधार पर ओपन होगा पोर्टल।
ये दस्तावेज हैं जरूरी:
- 10वीं का प्रमाण पत्र
- 12वीं का प्रमाण पत्र
- रिहायशी प्रमाण पत्र
- जाति प्रमाण पत्र
- पासपोर्ट साइज का फोटो
- आय प्रमाण पत्र
- चरित्र प्रमाण पत्र
- ईमेल आईडी
- मोबाइल नंबर
- माइग्रेशन प्रमाण पत्र
- बैंक खाते के पासबुक की फोटोकॉपी
- ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र
- एनएसएस/एनसीसी/ स्पोर्ट्स प्रमाण पत्र
- फैमिली आईडी
राजकीय महाविद्यालय, कंवाली के नोडल अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि इस बार कोरोना महामारी के चलते विद्यार्थियों का आवेदन के लिए कॉलेज आने पर प्रतिबंध है। हमारे पास अभी तक कोई विद्यार्थी फैमिली आईडी से संबंधित किसी प्रकार की कोई समस्या लेकर नहीं आया है। अगर इस प्रकार की कोई समस्या है तो विभाग को सूचित कर इसका समाधान कराया जाएगा।