रेवाडी। शहर के पॉश एरिया सेक्टर 4 की खस्ताहाल सड़कों को लेकर सेक्टर वासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पंहुच चुका है। सेक्टर के लोगों ने कई बार शिकायतें की बावजूद सड़कों के हालात ज्यों के त्यों बने हुए हैं। रविवार को सेक्टरवासियों ने अपना रोष प्रकट करते हुए सांकेतिक धरना दिया।
आरडब्ल्यूए सेक्टर-4 के प्रधान अजय यादव ने बताया कि सेक्टर की विभिन्न समस्याओं जैसे टूटी सड़कों, पार्कों की बदहाली, ड्रेनेज सिस्टम की सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और कम्युनिटी सेंटर की बदहाली को लेकर कई बार अधिकारियों को आवगत करा चुके हैं। पिछले दिनों डीएमसी ने खुद यहां का निरीक्षण भी किया था। उन्होंने अधिकारियों को सेक्टर-4 के कम्युनिटी सेंटर की दो दिन के अंदर सफाई करवाने तथा जल्द ही इसकी बाउंड्री वॉल तथा भवन की मरम्मत का एस्टीमेट तैयार करने के भी निर्देश दिए थे लेकिन अभी तक कोई काम चालू भी नहीं किया गया। इस दौरान सूचना मिलते ही विधायक चिरंजीव राव धरना स्थल पर पहुंचे और उनकी व्यथा सुनी। सेक्टरवासियों ने बताया कई वर्षों से यहां की सड़कों की खस्ता हालत है।
विधायक चिरंजीव राव ने कहा सेक्टर में कहीं पर सड़कें देखने को नहीं मिल रही हैं। कांग्रेस सरकार के समय में जहां आलीशान सड़कें होती थी वहीं अब देखने पर कच्ची गलियां लग रही हैं। सबका साथ सबका विकास का नारा देने वाले वाली भाजपा सरकार इनके साथ क्यों भेदभाव कर रही है। सड़कों के हालात तो हैं ही इसके अलावा पार्क भी बदहाल हैं। वहीं पीने के पानी की शहर में भारी समस्या चल रही है। एक दिन छोड़कर एक दिन पानी शहर वासियों को मिल रहा है जबकि अभी ठीक ढंग से गर्मी का मौसम आया भी नहीं है।