मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते दक्षिण हरियाणा के विधायक। संवाद
- फोटो : Rewari
क्षेत्र की प्रमुख फसल बाजरे के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की मांग को लेकर प्रदेश के सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री समेत दक्षिण हरियाणा के विधायकों ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल से मुलाकात की। मांगपत्र सौंपने के दौरान मुख्यमंत्री से डीएपी खाद की पर्याप्त आपूर्ति किए जाने की मांग भी रखी।
सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव, कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, नांगल चौधरी के विधायक अभय सिंह, पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश जरावता व अटेली के विधायक सीताराम आदि ने मुख्यमंत्री से बाजरे की फसल के भावांतर भरपाई समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने इस मामले में सकारात्मक रुख दिखाते हुए तुरंत कदम उठाने की बात कही।
कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने मुख्यमंत्री को सौंपे पत्र की जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा में बाजरे की फसल का सर्वाधिक उत्पादन क्षेत्र दक्षिण हरियाणा का है। पिछले वर्ष सरकार द्वारा बाजरे की सरकारी खरीद होने पर सभी किसानों ने सरकार के फैसले की प्रशंसा की थी। वर्तमान में केंद्र सरकार ने बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2250 रुपये प्रति कुंटल निर्धारित किया है। हमारी सरकार द्वारा बाजरे की फसल को भावानंतर भरपाई योजना के अंतर्गत 600 रुपये प्रति कुंतल देने का आश्वासन दिया हुआ है। अनाज मंडी में बाजरे की खरीद 1100 से 1200 रुपये में हो रही है। जिससे यह न्यूनतम समर्थन मूल्य 2250 से कम है। दक्षिण हरियाणा के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि किसान एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए बाजरे की फसल की भी धान की तरह सरकारी खरीद करवाने का या फिर भावांतर भरपाई का मूल्य बढ़ाया जाए। जिससे आमजन में पार्टी व सरकार के प्रति विश्वास बना रहे।