ड्राई-डे के दिन अवैध रूप से शराब बेचने वालों पर कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस ने अलग-अलग जगह पर कार्रवाई की। पुलिस ने अवैध शराब सहित आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1100 से अधिक शराब की बोतलें व 111 बोतल बियर बरामद की है। प्रशासन की ओर से गांधी जयंती पर ड्राई-डे के दिन शराब बेचने पर प्रतिबंध लगाया हुआ था।
कोसली पुलिस को शनिवार को सूचना मिली कि लुखी-बिसोह मार्ग पर ड्राई-डे के दिन ठेका खोल कर शराब बेची जा रही है। पुलिस ने आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर बिजेंद्र कुमार के साथ मौके पर दबिश दी तो ठेका खुला हुआ मिला। ठेका पर कोसली निवासी सुमेर सिंह ठेका पर शराब बेच रहा था। पुलिस ने ठेके से अंग्रेजी व देशी की करीब एक हजार बोतल शराब तथा 111 बोतल बियर जब्त कर ली। पुलिस ने आरोपी सेल्समैन सुमेर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कोसली थाना पुलिस ने सरकारी आदेशों की अवहेलना व आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी ओर, सदर थाना पुलिस ने रामगढ़ रोड से उत्तर प्रदेश के जिला फर्रुखाबाद के गांव भट्टपुरा निवासी रवि कुमार को 28 बोतल शराब तथा बुडाना चौक स्थित शराब ठेका के पीछे से राजस्थान के जिला अलवर के गांव नांगल हेडी निवासी जितेंद्र उर्फ घासी को 32 बोतल शराब के साथ गिरफ्तार किया है। इसी क्रम में मॉडल टाउन थाना पुलिस ने सेक्टर-चार निवासी ईश्वर उर्फ बच्ची को 12 बोतल शराब के साथ सेक्टर-चार से गिरफ्तार किया है। इसी क्रम में, कोसली थाना पुलिस ने कोसली के जाल वाला बंगला निवासी सुमेर को दुकान के सामने से 13 बोतल अंग्रेजी शराब सहित काबू किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।