अधिकारियों की बैठक लेते उपायुक्त यशेंद्र सिंह।
- फोटो : Rewari
कोसली। कोसली बाईपास के विस्तारीकरण को लेकर मंगलवार को कोसली स्थित मिनी सचिवालय में डीसी यशेंद्र सिंह और झज्जर के उपायुक्त श्याम लाल पूनिया की अध्यक्षता में दोनों जिलों के अधिकारियों और भू स्वामियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में सहादत नगर और धनिया गांव के भू स्वामियों ने जमीन के रेट को लेकर अधिकारियों के समक्ष सुझाव रखे। दोनों अधिकारियों ने जमीन के रेट को लेकर आपसी सहमति बनाने का प्रस्ताव दिया।
इस दौरान डीसी यशेंद्र सिंह ने कहा कि प्रस्तावित बाईपास क्षेत्र में विकास के लिए नए द्वार खोलेगा। इसलिए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े। इस मौके पर दोनों गांवों के ग्रामीणों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जिनकी जमीन बाईपास के विस्तार के लिए खरीदी जानी है। वह अपनी जमीन का उचित भाव तय करें ताकि योजना को सिरे चढ़ाया जा सके।
कोसली बाईपास धनिया मोड़ से कनीना मार्ग तक होगा विस्तार
कोसली बाईपास के विस्तारीकरण के चलते कोसली-साल्हावास रोड पर धनिया मोड़ से कोसली-नाहड़ -कनीना मार्ग तक निर्माण किया जाना है। इसकी कुल लंबाई लगभग 3.88 किलोमीटर है। बाईपास में धनिया गांव की भूमि का हिस्सा आता है। सुबाना से साल्हावास तक बाईपास का निर्माण पहले ही हो चुका है, अब बाईपास का विस्तार होना है। बाईपास का विस्तार होने से झज्जर और कोसली के नागरिकों को इसका लाभ मिलेगा। इस अवसर पर एसडीएम कोसली होशियार सिंह, एसडीएम झज्जर शिखा, पीडब्लूडी रेवाड़ी के अधीक्षक अभियंता वीएस मलिक, जिला राजस्व अधिकारी राजेश ख्यालिया, डीआरओ झज्जर बस्तीराम, तहसीलदार कोसली जितेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार अरूणा कुमारी, नायब तहसीलदार नाहड़ अस्तित्व पराशर, एसडीओ अजीत सिंह मौजूद थे।