। मर्डर होने की आशंका होने पर किन्नर का शव निकालते हुए
- फोटो : Rewari
छह दिन पहले एक किन्नर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उसका शव श्मशान घाट के पास दफना दिया गया। अब किन्नर की बहन ने एक अन्य किन्नर पर गद्दी के विवाद में हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी सतीश उर्फ कालू निवासी साधु नगर खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही जिला प्रशासन के आदेश पर शनिवार को किन्नर की मौत की वजह जानने को पोस्टमार्टम के लिए उस किन्नर का दफनाया गया शव एसडीएम की मौजूदगी में निकाला गया। इस दौरान हुई पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
मोहल्ला अजय नगर निवासी नीलम ने 19 सितंबर को शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि उसके 40 वर्षीय किन्नर भाई बजरंग उर्फ डिंपल की 15 सितंबर को साधुशाह नगर निवासी कालू उर्फ सतीश ने हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या व सबूत मिटाने का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि डिंपल को शव को दिल्ली रोड स्थित श्मशान घाट के पास दफनाया गया है। पुलिस ने उच्च अधिकारियों से बात की। प्रशासन की तरफ से ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर एसडीएम रविन्द्र यादव को लगाया गया। इस दौरान डीएसपी जितेन्द्र भी मौजूद रहे।
सिटी थाने में बिना कार्रवाई निपटा दिया गया था मामला
बताया जाता है कि किन्नरों के बीच गद्दी को लेकर कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। यह मामला सिटी थाने में पहुंचा था। पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई करने की बजाए ऐसे ही निपटा दिया था। पुलिस का तर्क था कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया, इसलिए कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित पक्ष का कहना है कि अगर पुलिस ने उसे समय कार्रवाई की होती तो शायद ऐसी वारदात न होती।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगी मौत की सही वजह
हत्या का मामला दर्ज कराने वाली नीलम ने पुलिस को बताया कि उसके भाई की हत्या गला दबाकर की गई है। उसने मांग की है कि उसके भाई के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया जाए। डीएसपी जितेंद्र कुमार का कहना है कि दफनाया गया शव निकालकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चलेगा। शव का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
दफनाए गए शव को पोस्टमार्टम के लिए निकाला गया है। जिससे मौत की सही वजह पता चल पाएगी। कार्रवाई की पूरी वीडियोग्राफी कराई गई है। पोस्टमार्टम भी डॉक्टरों के पैनल से कराया जा रहा है। साथ ही पूरी वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
- रविंद्र यादव, एसडीएम।
फोटो-9-10