फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: आईटीआई...प्रवेश पोर्टल में गड़बड़ी से ट्रेड चयनित नहीं कर पा रहे अभ्यर्थी, सिर्फ हो रहा पंजीकरण

Fri, 26 Jun 2026 11:26 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
रेवाड़ी। जिले के सरकारी और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि में चार दिन शेष हैं लेकिन पोर्टल की तकनीकी गड़बड़ी के चलते बड़ी संख्या में विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। पोर्टल में ट्रेड चयन का विकल्प ठीक से काम नहीं कर रहा है जिससे अभ्यर्थी सिर्फ पंजीकरण ही कर पा रहे हैं। इसकी वजह से अब तक सिर्फ 35 प्रतिशत आवेदन हो सके हैं।
विज्ञापन

ऐसी स्थिति में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। आईटीआई के पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद से ही पोर्टल पर सभी ट्रेड दिखाई नहीं देने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसके चलते कई विद्यार्थी अपनी पसंद के ट्रेड का चयन नहीं कर पा रहे हैं।
कुछ अभ्यर्थियों ने मजबूरी में पोर्टल पर उपलब्ध ट्रेडों में आवेदन कर दिया है जबकि कई विद्यार्थी तकनीकी समस्या दूर होने का इंतजार कर रहे हैं। इसका असर आवेदन संख्या पर भी देखने को मिल रहा है। इस समस्या के चलते दो जून से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद भी अभी तक सिर्फ 35 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने ही आवेदन किया है।
विज्ञापन


पोर्टल पर तकनीकी समस्या पहले दिन से बनी हुई:
महिला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पोर्टल पर तकनीकी समस्या पहले दिन से बनी हुई है। विद्यार्थियों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही हैं, जिनसे संबंधित विभाग और पोर्टल संचालकों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि स्थिति को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने की संभावना भी है, ताकि कोई भी अभ्यर्थी आवेदन से वंचित न रहे और सभी को अपनी पसंद की ट्रेड चुनने का अवसर मिल सके। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जिले के सभी सरकारी और निजी आईटीआई में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। यहां आवेदन, दस्तावेज अपलोड करने और अन्य तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

विभिन्न ट्रेडों की कुल 5332 सीटों पर होंगे दाखिले
जिले में संचालित 23 सरकारी और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में विभिन्न ट्रेडों की कुल 5332 सीटों पर दाखिले होंगे। तकनीकी और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के प्रति युवाओं के रुझान को देखते हुए आवेदनों की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना है। जिले के 10 सरकारी आईटीआई संस्थानों में कुल 2832 सीटें उपलब्ध हैं। निजी आईटीआई में करीब 2500 सीटें हैं। सरकारी संस्थानों में सबसे अधिक 620 सीटें राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रेवाड़ी में हैं। इसके अलावा कुंड-मनेठी में 464, कोसली में 440, बेरली कलां में 368, महिला आईटीआई रेवाड़ी में 240, सहारनवास में 220 और खरखड़ा और टांकड़ी में 196-196 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं लेदर एवं फुटवीयर आईटीआई रेवाड़ी में 40 और सैनिक परिवार भवन आईटीआई रेवाड़ी में 48 सीटें निर्धारित की गई हैं।
-
ऑनलाइन आवेदन के लिए ये दस्तावेज जरूरी
ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को 10वीं और 12वीं की अंकतालिका, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, पासपोर्ट आकार फोटो, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र, हरियाणा निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र तथा चरित्र प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।
_______
वर्जन:
प्रवेश पोर्टल पर सभी ट्रेड दिखाई नहीं देने की समस्या की जानकारी विभाग को दी गई है। आवेदन सबमिट करने का विकल्प उपलब्ध न होने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। विभागीय स्तर पर समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही इसका निवारण हो जाएगा और सभी ट्रेड पोर्टल पर दिखाई देने लगेंगे।– सुरेंद्र सिंह, प्राचार्य, महिला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें