भाजपा जिलाध्यक्ष को भेजा गया पत्र।
- फोटो : संवाद
हरियाणा के रेवाड़ी में भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ की पूरी जिला कार्यकारिणी ने शनिवार को सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया। जिला संयोजक प्रेमनाथ गैरा ने आरोप लगाया कि शहर के व्यापारियों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें इस्तीफा देने पर मजबूर होना पड़ा।
जिला संयोजक प्रेमनाथ गैरा, प्रदेश व्यापार प्रकोष्ठ के कार्यकारिणी सदस्य अनिल अरनेजा, सह संयोजक विपिन अग्रवाल, सह संयोजक विकास गुप्ता, सह संयोजक संजय चांदना की तरफ से भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीतम चौहान को लिखे इस्तीफे में बताया गया कि 4 दिन पहले शहर की पंजाबी मार्केट में दो दुकानें धंस गईं और दुकानों को तोड़ना पड़ा है, जिससे दोनों दुकानदारों का लाखों का नुकसान हो गया है।
व्यापार प्रकोष्ठ जिला भाजपा के पदाधिकारी इस बात से हैरान हैं कि भाजपा का कोई नेता मौके पर नहीं आया जबकि विपक्षी विधायक चिरंजीव राव वहां पहुंचे और पीड़ित व्यापारियों को मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया।
जब शहर के 27 ट्रेड एसोसिएशन के प्रधान अपना एक मांग-पत्र लेकर अतिरिक्त उपायुक्त एवं डीएमसी के पास गए थे, तो मैडम ने प्रधानों को नासमझ बताया, जिससे शहर के सभी व्यापारियों में रोष है। हम सभी व्यापार प्रकोष्ठ की पूरी कार्यकारिणी सामूहिक त्याग पत्र दे रही है। हम अपनी निष्ठा भाजपा के साथ बनाए रखेंगे। पंजाबी मार्केट में दो जर्जर दुकानों को गिराने के आदेश के बाद कई दुकानें बंद हैं।