हरियाणा के रेवाड़ी में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुझे जेल से तीन-चार महीने पहले छोड़ दिया गया होता तो हरियाणा में सरकार भी हमारी बनती। मुझे 10 दिन पहले छोड़ा गया है। इतना जरूर है कि आम आदमी पार्टी की इतनी सीट आ रही है कि हरियाणा में हमारे समर्थन से ही किसी की सरकार बन सकती है।
केजरीवाल रविवार को शहर के ब्रास मार्केट में रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी के समर्थन में सभा को संबोधित कर रहे थे। जनसभा में अरविंद केजरीवाल ने भाजपा का नाम लिए बगैर कहा कि इन लोगों ने मुझे 5 महीने झूठे केस में जेल में रखा। ये एक तरह से तपस्या थी। इन्होंने मानसिक और शारीरिक तौर पर यातनाएं दीं। कई दिनों तक दवाई भी बंद रखी।
पता नहीं मेरे साथ क्या करना चाहते थे? ये मुझे तोड़ना चाहते थे, लेकिन इनको ये नहीं पता कि मैं हरियाणा का छोरा हूं। ये किसी को भी तोड़ सकते हैं, लेकिन हरियाणा वाले को नहीं तोड़ सकते। आज थारा छोरा थारे बीच में है। मेरे ऊपर भगवान की बहुत कृपा है, नहीं तो 10 साल पहले अरविंद केजरीवाल को कोई नहीं जानता था।
उन्होंने कहा कि आप सोच रहे होंगे कि गारंटी तो इतनी बड़ी-बड़ी दे रहे हो, हरियाणा में आपकी सरकार बन रही है क्या। मैं कहता हूं कि यदि ये मुझे जेल से तीन-चार महीने पहले छोड़ देते तो सरकार भी हमारी बनती। फिर भी आप को इतनी सीट मिलेगी कि उनके समर्थन के बिना किसी की सरकार नहीं बन सकती है।
उस सरकार से पांचों गारंटी पूरी करवाना मेरी जिम्मेदारी है। केजरीवाल ने कहा कि पीएम गुजरात, हरियाणा और मध्यप्रदेश में बिजली मुफ्त नहीं देते। 22 राज्यों में इनकी सरकार है, वहां बिजली महंगी मिलती है। आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर हरियाणा की बिजली मुफ्त करेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि जब राम जी वनवास काटकर अयोध्या आए थे तो माता सीता को अग्नि परीक्षा देनी पड़ी थी। इस लांच्छन के साथ नहीं जी सकते। इसलिए उन्होंने कुर्सी छोड़ी है।
केजरीवाल ने हरियाणा की जनता को दी पांच गारंटी
- पहली गारंटी - बिजली मुफ्त और 24 घंटे देंगे, बकाया बिलों को माफ करेंगे।
- दूसरी गारंटी - शानदार अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक बनाएंगे।
- तीसरी गारंटी - शानदार स्कूल बनाएंगे
- चौथी गारंटी - 18 साल से ऊपर की हर महिला को 1000 रुपये प्रति महीना सम्मान राशि देंगे।
- पांचवीं गारंटी - रोजगार का इंतजाम करेंगे।