रेवाड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में क्रमश: केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब कल्याण के लिए बेहतर कार्य कर रही है। सरकार की सोच है कि जनहितकारी नीतियों के माध्यम से गरीबों का ज्यादा से ज्यादा भला हो सके। यह बात केंद्रीय श्रम, वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कैंसर अनुसंधान संस्थान के 23वें वार्षिकोत्सव समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में कही है। इस मौके पर उन्होंने नई रेडिएशन मशीन का शुभारंभ करने के बाद आशा जताई कि यह जरूरतमंदों को बेहतर सेवा उपलब्ध कराएगी।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि संस्थान के संस्थापक डॉ. एसएस यादव ने मेडिकल क्षेत्र में बड़े मुकाम हासिल किए हैं। उन्होंने जनसेवा की शपथ केवल शब्दों में नहीं ली बल्कि अपने जीवन में सेवाभाव को उतारकर मरीजों की सेवा का संकल्प लिया है। उन्होंने दोहराया कि मीरपुर में विश्वविद्यालय की स्थापना हुई है यह संयोग नहीं बल्कि यहां के निवासियों की लगन और निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों की सेवा के लिए देशभर में मेडिकल कॉलेज खोलने का संकल्प लिया गया है। केंद्र सरकार के आठ साल के कार्यकाल में अधिकांश जिलों में मेडिकल कॉलेज खोले जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि श्रम मंत्रालय की ईएसआईसी योजना के तहत अस्पतालों का निर्माण कराया जा रहा है जिनका 12 करोड़ से ज्यादा श्रमिकों को लाभ मिल रहा है।
मुख्य अतिथि भूपेंद्र यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं का आह्वान किया कि वे अच्छी शिक्षा लेकर मुकाम हासिल करें। आने वाला समय डिजिटल युग का है। आईजीयू से निकलकर विद्यार्थी अच्छे स्टार्टअप खड़े कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं में डिग्री लेकर केवल नौकरी करने तक की ही लग्न रहती है। ऐसे में युवा अपनी स्किल को बढ़ाकर भी विकास कर सकते हैं। कौशल विकास के मामले में केंद्र सरकार द्वारा भी सहयोग दिया जा रहा है।
संस्थान के संस्थापक डॉ. एसएस यादव ने बताया कि 27 जून 1999 को संस्थान की शुरुआत की गई थी। आज 23 सालों में जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उनका सपना था कि इस संस्थान में मरीजों के लिए रेडिएशन मशीन की सुविधा उपलब्ध हो, जो आज साकार हो गया है। उन्होंने कहा कि देश में 73 प्रतिशत लोग ग्रामीण क्षेत्र में रहते हैं जिनको कैंसर का तब पता लगता है जब वह पूरी तरह शरीर में फैल जाता है।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर हरको बैंक के चेयरमैन डा अरविंद यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष मास्टर हुकम चंद यादव, महामन्त्री ईश्वर चनेजा, जिला सचिव कुलदीप चौहान, आईजीयू के वीसी प्रो. जेपी यादव, रजिस्ट्रार प्रमोद भारद्वाज, मंडल अध्यक्ष दीपक मंगला, मीरपुर के निवर्तमान सरपंच बिल्लू, ओमप्रकाश चेयरमैन मानेसर, डा. मनोज पाल, रिषभ त्यागी, आरएस यादव, व्यवसायी सुरेंद्र कुमार, डा. आरसी मीणा, एडीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल, एसडीएम सिद्धार्थ दहिया, डीएसपी अमित भाटिया, राज सिंह आदि उपस्थित रहे।
निर्माणाधीन ईएसआईसी अस्पताल की कार्य प्रगति देखी
रेवाड़ी। आईएमटी बावल क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने निर्माणाधीन ईएसआईसी अस्पताल की कार्य प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने इस निर्माण कार्य से संबंधित अधिकारियों को नए निर्देश भी दिए। श्रम एवं पर्यावरण विभाग से जुड़े अधिकारी जितेंद्र यादव ने कहा कि यह निर्माण कार्य जुलाई 2023 में पूर्ण कराया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह 100 बिस्तर का अस्पताल होगा, जहां बावल औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा यहां 50 बिस्तर पर ट्रामा सेंटर भी स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के शुरू हो जाने के बाद इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं में गुणात्मक सुधार होगा।